
Ranchi : झारखंड में रविवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीज पाये गये. इनमें दो लोग हिंदपीढ़ी के हैं, एक मामला बेड़ो और एक सिमडेगा का है. इन चारों का संबंध तबलीगी जमात से होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है.
बेड़ो का जो शख्स पॉजिटिव पाया गया है उसकी उम्र 52 साल है. सिमडेगा के संक्रमित व्यक्ति की उम्र 17 साल है. वहां रांची के जिस शख्स में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है उसकी उम्र 24 वर्ष है. रांची के ही एक शख्स की उम्र 42 साल है.
रविवार को 93 सैंपल की जांच की गयी जिनमें 89 सैंपल निगेटिव पाये गये.
कुल मरीजों की संख्या 38 हुई
राज्य में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 38 हो गयी है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है. अब तक राज्य में पॉजिटिव पाये गये लोगों में 22 रांची, 9 बोकारो, 2 हजारीबाग, 1 गिरिडीह, 2 धनबाद, 1 कोडरमा व 1 सिमडेगा के हैं.
इसे भी पढ़ें – झारखंड का कोई भी जिला कोरोना रेड जोन के लार्ज आउटब्रेक्स में नहीं, क्लस्टर आउटब्रेक्स में हैं रांची-बोकारो
झारखंड में ऐसे बढ़े मामले
31 मार्चः राज्य में पहला केस राजधानी के हिंदपीढ़ी में मिला था. यह 22 साल की मलेशियाई महिला थी. यह तबलीगी जमात में शामिल होकर हिंदपीढ़ी में रह रही थी. पुलिस को मिली सूचना के बाद उसे क्वारंटाइन में भेज कर जांच करायी गयी थी, जिसमें उसके पॉजिटिव होने की बात सामने आयी.
2 अप्रैलः हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक शख्स में संक्रमण की पुष्टि हुई थी. वो कुछ दिनों पहले कोलकाता से लौटा था.
5 अप्रैलः बोकारो से तीसरा केस सामने आया, जहां बांग्लादेश से लौटी एक महिला कोरोना संक्रमित पायी गयी. वो तबलीगी जमात में शामिल हुई थी.
6 अप्रैलः राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी से एक और महिला में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है. पीड़ित महिला की उम्र 54 साल है. उनकी कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है. खबर है कि पीड़ित महिला राज्य की पहली संक्रमित मलेशियाई महिला के सीधे संपर्क में आयी थी.
9 अप्रैलः झारखंड में एक साथ 9 पॉजिटिव केस आने के बाद झारखंड में कुल मरीजों की संख्या 13 हो गयी. नये मरीजों में 4 बोकारो जिले के चंद्रपुरा इलाके के थे. 5 रांची के हिन्दपीढ़ी के रहनेवाले थे. बाकारो के जिन व्यक्तियों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है, वह वहां पहले से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आये थे. रांची के हिन्दपीढ़ी मुहल्ले से जो नये मामले सामने आये हैं, वे सभी पहले से पीड़ित परिवार के सदस्य हैं. एक मामला हजारीबाग के विष्णुगढ़ से सामने आये थे.
11 अप्रैलः झारखंड एक साथ तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई. इसके साथ ही झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 17 हो गयी. नये कोरोना संक्रमित मरीजों में रांची, हजारीबाग व कोडरमा जिला के एक-एक मरीज शामिल थे. मामले को लेकर कोडरमा डीसी रमेश घोलप का कहना था कि जिस मरीज को कोडरमा का बताया जा रहा है वह कोडरमा का नहीं बल्कि गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र का है.
12 अप्रैलः झारखंड में कोरोना के दो और मरीजों की पुष्टि हुई. दोनों मरीज बोकारो के गोमिया प्रखंड के साड़म गांव के दलाल टोला के रहने वाले थे. ये आपस में पिता-पुत्र थे. इन्हीं के परिवार के एक सदस्य की कोरोना से मौत हुई थी. नये मरीज मृतक के भाई और भतीजे हैं. इन दो नये मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 19 हो गयी, जिनमें से दो की मौत हो गयी.
13 अप्रैलः झारखंड में 13 अप्रैल को पांच और कोरोना संक्रमित मरीज मिले. इन नये मरीजों में तीन रांची के हैं, जबकि एक बोकारो व एक गिरिडीह जिले का है. रांची के तीनों नये मरीज हिन्दपीढ़ी के रहनेवाले हैं. तीनों मरीज हिन्दपीढ़ी के कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में थे. इनकी उम्र 35, 40 और 45 साल है. बोकारो जिले का जो मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया है वह गोमिया प्रखंड के साड़म गांव का रहनेवाला है. उसकी उम्र 24 साल है. वहीं, गिरिडीह जिले में पायी गयी मरीज (60) उस मरीज की मां है जो कोडरमा में इलाज के दौरान जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था.
14 अप्रैलः झारखंड में 14 अप्रैल को तीन नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई. इनमें दो मरीज रांची के हिन्दपीढ़ी के थे. जबकि एक मरीज सिमडेगा जिले का था. तीनों नये मरीजों का तबलीगी कनेक्शन रहा है.
15 अप्रैलः धनबाद के एक मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई. राज्य में कुल मामले 29 हो गये.
17 अप्रैलः रांची के हिंदपीढ़ी से तीन और कोरोना पॉजिटिव पाये गये. इनमें एक पति-पत्नी भी शामित थे. कुल मरीजों की संख्या बढ़ कर 32 हो गयी.
18 अप्रैलः रांची के हिंदपीढ़ी की मस्जिद से पकड़े गये तबलीगी जमात के एक सदस्य को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई. यह त्रिनिदा एंड टौबैगो का रहनेवाला है. इसके अलावा धनबाद में एक रेलकर्मी में कोरोना की पुष्टि हुई. कुल मामले बढ़ कर 34 हो गये. इसके अलावा रांची के बरियातू में एक पूर्व डीडीसी के भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई. उनकी मौत दिल्ली में हो गयी.
इसे भी पढ़ें – धनबाद: कोरोना पॉजिटिव रेलकर्मी के संपर्क में आने वाले 20 परिवार को किया गया होम कोरेंटाइन
बोकारो व रांची के एक-एक मरीज की हो चुकी है मौत
इससे पहले बोकारो जिले में एक 75 वर्ष के शख्स की कोरोना से मौत हो चुकी है. उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाये जाने के बाद उसे बीजीएच में भर्ती कराया गया था जहां उसका इलाज चल रहा था. मृतक गोमिया प्रखंड के साड़म के दलाल टोला का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि शख्स को सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. उसकी कोरोना संक्रमण की जांच की गयी थी और रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी थी.
इसके अलावा रविवार को रांची के हिन्दपीढ़ी के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज ने भी दम तोड़ दिया था. उसके अंतिम संस्कार को लेकर दिनभर विवाद होता रहा. देर रात हिन्दपीढ़ी के ही बच्चा कब्रिस्तान में उसके शव को सुपुर्दे-खाक किया गया.
इसे भी पढ़ें – सरकार का यू-टर्न, लॉकडाउन के दौरान गैर-आवश्यक वस्तुओं की बिक्री नहीं कर पाएंगी ई-कॉमर्स कंपनियां



