
Ranchi : वेजिटेबल मार्केट सभी सुविधाओं को ध्यान में रख कर तैयार किया गया है. नागाबाबा सब्जी बाजार की पूर्व की स्थिति से हम सभी अवगत हैं. सरकार का प्रयास रहता है कि हर चीज व्यवस्थित रूप में राज्य की जनता को मिले. अब यहां स्वच्छ वातावरण में सब्जियों की खरीद-बिक्री होगी. हमें इसे अपनी संपत्ति समझ कर इसके रख रखाव में सहयोग करना है. उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नागाबाबा सब्जी बाजार स्थित नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट के लोकार्पण समारोह में कहीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां दुकान लगानेवालों के लिए यह मार्केट उनके परिवार के जीवन यापन का साधन बनने जा रहा है. इसे स्वच्छ और सुरक्षित रखना बड़ी जिम्मेवारी है. यह जिम्मेदारी हम सब को उठानी पड़ेगी.
इसे भी पढ़ें : पटना बम ब्लास्ट: रांची के सीठियो के रहनेवाले इम्तियाज अंसारी समेत नौ आतंकियों को एनआइए कोर्ट ने दोषी करार दिया
हमें पर्यावरण को चुनौती नहीं देनी चाहिए
मुख्यमंत्री ने हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित सरदार पटेल पार्क के उद्घाटन समारोह में कहा कि शहरीकरण बढ़ रहा है. वृक्षों को काट कर गगनचुंबी इमारतें बन रही हैं. जबकि हमें पर्यावरण को कभी चुनौती नहीं देनी चाहिए. यहां के निवासियों के लिए यह पार्क भौतिकवादी समय में जीवन के अमूल्य क्षण को व्यतीत करने में सहायक बनेगा. मुख्यमंत्री ने कहा सरकार कि इस संपत्ति का मालिक हरमूवासियों को बनाया जा रहा है. यहां के निवासी इसकी सुरक्षा करें. ताकि खुबसूरत पार्क की खूबसूरती हमेशा बनी रहे.
इसे भी पढ़ें : राज्य के B.Ed कॉलेजों में एडमिशन के लिए 30 अक्टूबर तक का मौका
सब्जी विक्रेताओं को मिलेगी दुकान
नवनिर्मित वेजिटेबल मार्केट में 300 से अधिक सब्जी विक्रेताओं को दुकानें मिलेंगी. इसके लिए नगर निगम ने 191 प्लेटफार्म का निर्माण मार्केट में कराया है. बड़े प्लेटफार्म में दो-दो दुकानदारों को जगह दी जायेगी. इसके अलावा मार्केट के दोनों तरफ बनाये गये शेड में ठेला पर फल बेचनेवालों को जगह दी जायेगी.
मार्केट की छत पर बना है फूड कोर्ट, जाम से मिलेगी मुक्ति
वेजिटेबल मार्केट की छत पर फूड कोर्ट बनाया गया है. यहां सात अलग-अलग किचन की व्यवस्था निगम ने की है. मार्केट के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. नागा बाबा सब्जी मार्केट में सड़क पर दुकान लगने के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है. अब इससे लोगों को राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें : BH Series की सुविधा के लिये झारखंड के लोगों को करना होगा इंतजार, जानें-बीएच सीरीज के फायदे हैं
इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, नगर आयुक्त नगर निगम मुकेश कुमार, महापौर आशा लकड़ा, उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय एवं अन्य उपस्थित थे.




