
Ranchi: शनिवार को दिन के 1 बजे रांची नगर निगम सभागार कक्ष में टॉउन वेंडिग कमिटी की एक बैठक होनी थी. यह बैठक नगर आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में की जानी थी. तय समय पर कमेटी से जुड़े फुटपाथ दुकानदार संघ के सदस्य सभागार कक्ष में पहुंच गये. लेकिन एक घंटा बीतने के बाद भी जब नगर आयुक्त सहित अन्य सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुए, तो उन्होंने जम कर अपनी भड़ास निकाली. बैठक का बहिष्कार करते हुए सदस्यों ने सभागार कक्ष से बाहर आकर निगम को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की सलाह तक दे दी.
इसे भी पढ़ें – पुराना बाजार की रेल पटरी पर सजता है बाजार, दे रहा अमृतसर जैसे कांड को आमंत्रण
नगर आयुक्त का नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण
बैठक का बहिष्कार करते हुए टॉउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों ने बताया कि पूर्व सूचना के बाद भी नगर आयुक्त का बैठक में नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है. तय समय सीमा के बाद भी उनका बैठक में नहीं आना यह दर्शाता है कि निगम को बैठक की कोई चिंता नहीं है. हालांकि बैठक का बहिष्कार करने के बाद कमेटी के तमाम सदस्य एवं हॉकर संघ की कार्यसमिति की एक बैठक भी हुई.
इसे भी पढ़ें – कुणाल एनकाउंटर की सीबीआइ जांच की डीसी की अनुशंसा के बाद गरमायी राजनीति, विपक्ष को मिला घर बैठे एक मुद्दा
72 घंटे पहले दें बैठक की सूचना
नेशनल हॉकर संघ के महासचिव अनिता दास ने न्यूज विंग से बातचीत में कहा कि तय समय पर बैठक बुला कर उसे रद्द करना निगम के लिए कोई नई बात नहीं है. पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि बैठक बुला कर अधिकारीगण उपस्थित ही नहीं रहते हैं. जरूरी है कि ऐसे पदाधिकारी कमेटी की मर्यादा का पालन करें. अधिकारी सूचना की प्रति कम से कम 72 घंटे पहले सदस्यों को उपलब्ध करा कर तय समय पर बैठक करें. अगर भविष्य में निगम अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाता है, तो फुटपाथ दुकानदार हॉकर संघ से जुड़े लोग टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक का बहिष्कार करने को विवश होंगे.



