

झारखंड में मौसम का डबल अटैक: 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 11 ट्रेनें रद्द और उड़ानें प्रभावित
रांची: झारखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर शुक्रवार को भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को रांची, जमशेदपुर, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गढ़वा, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। गुरुवार को भी रांची में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।
11 ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट
खराब मौसम और रेल परिचालन की सुरक्षा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने 30 अक्टूबर को टाटानगर-चक्रधरपुर और राउरकेला-हटिया मार्ग की 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं, ओडिशा की ओर जाने वाली छह प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है। यात्रियों की सहायता के लिए टाटानगर स्टेशन पर 24 घंटे सक्रिय विशेष हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है।
खराब मौसम से विमान सेवाएं भी प्रभावित
बारिश और खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। गुरुवार को कोलकाता से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण वापस कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा पुणे, मुंबई और दिल्ली से आने वाली कई उड़ानें भी देरी से पहुंचीं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
एक और चक्रवात की आशंका
इधर, बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी सिस्टम को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 72 घंटों में चक्रवात का रूप ले सकता है।
ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। ट्रेन या फ्लाइट से सफर करने वाले यात्री घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की स्थिति जरूर जांच लें।




