
Ranchi : महाशिवरात्रि के अवसर पर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित शिव बारात कार्यक्रम में सीएम चंपाई सोरेन सम्मिलित हुए. मुख्यमंत्री ने यहां पूरे विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर समस्त राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और कल्याण की कामना की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग देवों के देव महादेव की पूजा-अर्चना कर महाशिवरात्रि का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं.

ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर को संरक्षित करेगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार रांची स्थित ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर को संरक्षित करेगी. इस धार्मिक धरोहर को देश में अलग पहचान दिया जायेगा. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य किये जायेंगे. साथ ही श्री शिव बारात आयोजन महासमिति पहाड़ी मंदिर की ओर से आयोजित “श्री शिव बारात” कार्यक्रम में सभी भक्तजनों को आमंत्रित किया गया है. इस कार्यक्रम के लिए मैं अपनी ओर से महासमिति के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देता हूं. वहीं इस अवसर पर पहाड़ी मंदिर परिसर में उपस्थित सभी महिला श्रद्धालुओं को सीएम ने अपनी ओर से अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी, पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – ध्वजाधारी धाम में दो दिवसीय शिवरात्रि मेला शुरू, हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर लिया आशीर्वाद



