
Ranchi: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज 11 बजे से शुरू हुआ. स्पीकर के आसन ग्रहण करने के साथ ही विधायक प्रदीप यादव ने पीएम मोदी के धनबाद कार्यक्रम में उनके संबोधन पर सवाल उठाते विशेष चर्चा की मांग की. कहा कि धारा 53 का दुरूपयोग करते जबरन हेमंत सोरेन (पूर्व सीएम) को जेल में बंद रखा गया है.

जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल ने सच बोला तो उनके खिलाफ भी ईडी, सीबीआई लगा दिया गया. कल देश के पीएम झारखंड के लोगों को गाली देकर चले गए, इस पर विशेष चर्चा सदन में हो. उनके साथ विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला सहित सत्ता पक्ष के कुछ अन्य विधायकों ने भी इसका समर्थन किया.
इस बीच भाजपा विधायक अमित मंडल ने हंसडीहा में विदेशी महिला के साथ घटी दुष्कर्म की घटना को उठाया. कहा कि इस मामले की लीपापोती में लोकल थाना और एसपी लगे हैं. संसदीय कार्य मंत्री एसपी की बर्खास्तगी और मामले की जांच कराने की पहल करें. 8 लोगों ने इस मामले को अंजाम दिया है.
यह गंभीर मामला है. इसी बीच प्रदीप यादव ने फिर पीएम मोदी द्वारा शुक्रवार को दिए गए भाषण को अशोभनीय बताया. कहा कि यह पीएम को शोभा नहीं देता. ऐसी राजनीति उन्हें और भाजपा को भी शोभा नहीं देती. भाजपा को माफी मांगनी चाहिए. इस हंगामे के बीच स्पीकर ने दोपहर 12 बजे तक सदन स्थगित करने की घोषणा की.
इसे भी पढ़ें- पशुपालन के विकास के लिए पशुचिकित्सा सेवा नियमावली संशोधन के प्रस्ताव को मंत्री का अनुमोदन, पशु चिकित्सकों ने जताया आभार




