GarhwaJharkhand

प्रखंड समन्वयक सिराज अहमद की हत्या का मास्टमाइंड शहंशाह आलम सहित दो गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद

Ranchi : गढ़वा जिले के नगरउंटारी थाना पुलिस ने प्रखण्ड समन्वयक सिराज अहमद की हत्या के मास्टमाइंड समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मुख्तार अंसारी और शहंशाह आलम के नाम शामिल हैं. दोनों आरोपी गढ़वा जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र स्थित फरठिया के रहनेवाले हैं. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा बरामद किया गया है. मुख्तार अंसारी और शहंशाह आलम का आपराधिक इतिहास रहा है. दोनों आरोपियों पर गढ़वा के विभिन्न थाना में पांच मामले दर्ज हैं. गुरुवार को गढ़वा एसपी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि 14 जुलाई 2023 को नगरउंटारी थाना क्षेत्र के तुलसी दामर घाटी में अज्ञात लोगों ने प्रखण्ड समन्वयक सिराज अहमद की गोली मार कर हत्या कर दी थी. मृतक के भाई इसरार अंसारी के बयान पर नगरउंटारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. घटना के उद्दभेदन के लिए एसडीपीओ श्रीबंशीधर नगर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था. गठित टीम ने नामजद आरोपी टीपू सुलतान, इमरान अंसारी को 22 जुलाई 2023 और 26 अगस्त 2023 को सुलेमान अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जेल भेजे गये तीनों आरोपी सिराज का साला थे. भवनाथपुर प्रखंड में पीएम आवास के प्रखंड समन्वयक सिराज अहमद की हत्या उसके साले टीपू सुल्तान और इमरान अंसारी ने की थी. सिराज अहमद ने शादी के दो दिन बाद ही अपनी पत्नी को छोड़ दिया था, जिसके बाद से दोनों का मामला कोर्ट में चल रहा था. मौका देख कर सिराज के साला टीपू सुल्तान और इमरान अंसारी ने भवनाथपुर से लौटने के दौरान तुलसीदामर घाटी में सिराज की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लागातार छापामारी की जा रही थी. इसी क्रम में बीते बुधवार को मुख्तार अंसारी को गिरफ्तार किया गया. मुख्तार अंसारी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा बरामद किया गया. मुख्तार अंसारी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर मास्टरमाइंड शहंशाह आलम को गिरफ्तार किया गया.

इसे भी पढे़ं – HC: जेजे बोर्ड, सीडब्ल्यूसी में नियुक्ति से संबंधित स्वत: संज्ञान मामला निष्पादित, बचपन बचाओ आंदोलन की PIL पर 23 फरवरी को सुनवाई

Related Articles

Back to top button