
Ranchi: केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम रघुवर दास तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने डुमरी विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी के समर्थन में डुमरी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया. मतदाताओं के बीच सघन संपर्क अभियान में शामिल हुए. इस दौरान नेताओं सैकड़ों गांवों का दौरा करने के साथ कई छोटी सभाओं को भी संबोधित किया. इस दौरान हेमंत सरकार की नाकामियों को लेकर उन पर हमला बोला. नावाडीह प्रखंड में नावीडीह, बिरनी काली मंडप सहित अन्य गांवों में बाबूलाल ने वोटरों से संपर्क कर यशोदा को जिताने की अपील की.
अपराधियों को हेमंत का संरक्षण
नावाडीह में प्रचार अभियान में मतदाताओं को संबोधित करते बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. अपराधी बेखौफ हैं. उन्हें कानून, पुलिस प्रशासन का भय नहीं. हेमंत सरकार में अपराधियों को संरक्षण प्राप्त है. 1 सितंबर को जमशेदपुर कोर्ट परिसर में कोर्ट के पदाधिकारी पर हुए आपराधिक हमला राज्य सरकार की विफलता है. अपराधी अब कानून को हाथ में ले रहे. ऐसा लग रहा कि हेमंत सरकार ने अपराधियों को हिम्मत देकर झारखंड का तालिबानीकरण कर दिया है.
बाबूलाल के मुताबिक पुलिस का इकबाल समाप्त हो चुका है क्योंकि राज्य की पुलिस विधि व्यवस्था को ठीक करने में नहीं, अपराधियों को पकड़ने में नहीं बल्कि वसूली करने में अपनी ताकत का उपयोग कर रही है. श्री मरांडी ने कहा कि प्रदेश में बिना पैसे का कोई काम नहीं होता है. जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र छोड़िए, यहां तो मृत्यु प्रमाण पत्र केलिए भी घुस देने पड़ते हैं. राज्य में खान,खनिज,पत्थर , बालू कोयला की लूट मची है। मुख्यमंत्री लूटने और लुटवाने में शामिल हैं. मुख्यमंत्री के परिवार ने औने पौने दाम पर आदिवासियों, गरीबों की जमीन लूटी है.

भाजपा की देन है झारखंड
बाबूलाल ने कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा की देन है. जितने भी विकास कार्य सड़क,पुल पुलिया,हाईवे अस्पताल, एयरपोर्ट दिख रहे, वह भाजपा सरकार की देन है. मोदी सरकार पिछले 9वर्षों से गांव, गरीब, किसान मजदूर आदिवासी, दलित पिछड़े सभी की सेवा में लगी है. अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही. हेमंत सरकार ने अपने एक भी वादे पूरे नहीं किए. केवल जनता को दिग्भ्रमित किया है. झारखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की भाजपा,आजसू गठबंधन (एनडीए) की सरकार जरूरी है. उन्होंने कहा कि डुमरी से उसकी शुरुआत करें. हेमंत सरकार को सबक सिखाएं. उसे उखाड़ फेंकने का संकल्प लें.
इसे भी पढ़ें: झामुमो का केंद्र सरकार से सवालः क्यों बुला रहे संसद के पांच दिनों का विशेष सत्र




