
Ranchi : झारखंड के शहरों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पर्यावरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है. प्रदेश के सभी नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि वो इन पंद्रह दिनों (6 जून से 22 जून के बीच) में हर नागरिक को पर्यावरण को लेकर जागरुक करें. इस पर्यावरण पखवाड़ा के शुरु होने से एक दिन पूर्व इसको लेकर नगर विकास विभाग की ओर से एक राज्य स्तरीय कार्यशाला भी आयोजित किया गया जिसमें सभी नगर निकाय पदाधिकारी ऑनलाईन और ऑफलाईन मोड में जुड़े रहे. इस मौके पर वन संरक्षण,जल संरक्षण और मिट्टी संरक्षण के विशेषज्ञों नें अपनी अपनी राय रखी.
सचिव ने भी किया संबोधित
राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव चंद्रशेखर ने नगर विकास एवं आवास विभाग, नगर निकायों, जुडको, रांची स्मार्ट सिटी और जीआरडीए के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहरों को कंक्रिट का जंगल न बननें दें. इसके साथ ही यह ध्यान रहे कि किसी भी परियोजना के चयन और क्रियान्वयन से पहले उस योजना में पौधारोपण को विशेष तवज्जो दिया जाये. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यावरण पखवाड़ा के पहले सप्ताह में अपने अपने नगर निकायों में स्थल का चयन करें और पौधारोपण के लिए गढ्ढे की खुदाई कराएं. दूसरे सप्ताह में इन जगहों पर ड्राइव चलाकर पौधारोपण और उसके बाद उसका संरक्षण सुनिश्चित कराएं. उन्होंने ये भी कहा कि आप विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शहरी नागरिकों के बीच वन संरक्षण, जल संरक्षण और मिट्टी के संरक्षण की जानकारी और उसका फायदा बताएं. उन्होंने कहा कि ससे हमारी पृथ्वी हरी भरी व स्वस्थ होगी.
सरकारी विद्यालयों के बच्चों को सिखाया गया योग
रांची में पखवाडा के पहले दिन अर्थात् 6 जून को रांची स्मार्ट सिटी परिसर में नगर विकास एवं आवास विभाग की पहल पर ईशा फाउंडेशन की ओर से सरकारी विद्य़ालयों के बच्चों को योगाभ्यास कराया गया. इसके साथ हीं ईशा फाउंडेशन की ओर से हर प्रकार के योग के फायदे और उनका सही तरीका बताया गया. यह कार्यक्रम अगले दो दिनों तक जारी रहेगा. योगाभ्यास के बाद बच्चों के बीच पौधा वितरण किया गया और उन्हें प्रकृति के संरक्षण को लेकर जागरुक किया गया. बच्चों से आग्रह किया गया कि वो इन पौधों को लेकर अपनें घर या आसपास के सुरक्षीत स्थान पर लगाएं और उसकी देखभाल करें. वच्चों नें भी व्यायाम, योगाभ्यास और पौधारोपण को लेकर उत्सुकता दिखायी. कार्यक्रम के तीसरे दिन बच्चों से भी स्मार्ट सिटी एरिया में पौधारोपण कराया जाएगा.
मिनी मैराथन का भी होगा आयोजन
रांची स्मार्ट सिटी परिसर में नगर विकास एवं आवास विभाग के कर्मियों के बीच इस पखवाड़े के अंतिम दिन 22 जून 2024 को एक मिनी मैराथन का आयोजन होगा जो शहरों में हरियाली को प्रोत्साहित करनें पर आधारित होगा. इस मैराथन के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश होगी की हम प्रकृति को संरक्षित कर के ही खुद को स्वस्थ रख सकते हैं. इस कार्यक्रम में केवल नगर विकास एवं आवास विभाग के हीं कर्मी प्रतिभागी होंगे.
राज्य के विभिन्न शहरों में शुरू हुआ जागरुकता अभियान
राज्य में पर्यावरण पखवाड़ा के शुरु होते हीं विभिन्न नगर निकायों में पौधारोपण,जल संरक्षण इत्यादि को लेकर जन जागरुकता अभियान शुरु हो गए हैं. कई शहरों में पौधारोपण से लेकर हरियाली बढ़ानें संबंधी कार्यक्करम चलाए जा रहे हैं. विभिन्न शहरों नें अपनें कार्यक्रमों की तस्वीर राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ शेयर किया है.
कार्यक्रम में ये भी रहे शामिल
गुरुवार दिनांक 6 जून को रांची स्मार्ट सिटी परिसर में हुए कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के सचिव चंद्रशेखर,ईसा फाउंडेशन की ओर से श्री जैक्री व अन्य, सूडा के उप निदेशक सूरज उरांव, रांची स्मार्ट सिटी के जीएम राकेश कुमार नंदकुलियार ,सूडा से सुजीत भारती,रांची स्मार्ट सिटी के पीआरओ अमित कुमार,प्रबंधक उत्कर्ष कुमार,सूडा से नासीर, विवेक,विजय बेहरा व अन्य ने भी बच्चों के साथ योगाभ्यास कर उनका हौसला आफजायी किया.
इसे भी पढे़ं – गिरिडीह: लाभुक से 8 हजार घूस लेते मुखिया गिरफ्तार, धनबाद एसीबी ने की कार्रवाई



