
Balasore: ओडिशा के बालासोर जिले में रेल हादसे के चार महीने बाद भी अब तक 28 मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है. इस दुर्घटना में 297 लोगों की जान चली गई थी. भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने रविवार को इन 28 शवों के वैज्ञानिक तरीके से अंतिम संस्कार को लेकर प्रक्रिया शुरू की और इस संबंध में एक मानक संचालन प्रक्रिया जारी की. बीएमसी मेयर सुलोचना दास के मुताबिक इन शवों को सीबीआई अधिकारियों की उपस्थिति में निगम को सौंप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि निगम मंगलवार को दाह संस्कार की योजना बना रहा है.
सूत्रों के मुताबिक ट्रेन दुर्घटना की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा खुर्दा जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर शवों को वैज्ञानिक तरीके से निपटाने का अनुरोध करने के बाद बीएमसी ने प्रक्रिया शुरू की. बता दें कि जून में हुई दुर्घटना के बाद से शव एम्स भुवनेश्वर में रखे गए थे. बताया जा रहा है कि अब इन शवों को दाह संस्कार के लिए राज्य, केंद्र और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के मौजूदा नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एम्स से आधिकारिक तौर पर बीएमसी स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा जाएगा. बीएमसी द्वारा जारी एसओपी के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
बता दें कि एम्स भुवनेश्वर को 162 शव मिले थे और उनमें से 81 को पहले चरण में मृतकों के परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया था। बाद में, डीएनए परीक्षण के बाद अन्य 53 शव परिवार के सदस्यों को दे दिए गए, लेकिन 28 अन्य के अवशेष लावारिस हैं. शवों को पारादीप पोर्ट ट्रस्ट से खरीदे गए कम से कम पांच डीप फ्रीजर कंटेनरों में रखा गया था.




