
New Delhi : भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार दिनों दिन बढ़ती जा रही है. पिछले कुछ दिनों से हर दिन 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. लेकिन, सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक अध्ययन में कहा गया है कि हर दिन नये कोरोना केस का आंकड़ा बढ़ कर 11 से 12 गुना ज्यादा होने की आशंका है. मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी (एमआइटी) के तीन रिसर्चरों ने यह अध्ययन किया है. उन्होंने कहा है कि यदि कोरोना के इलाज के लिए वैक्सीन नहीं आयी, तो भारत में अगले वर्ष की सर्दियों में हर दिन करीब 3 लाख नये मामले सामने आ सकते हैं.
इसे भी पढ़ें – CoronaUpdate : पटना में सात दिनों के लिए फिर से लगाया गया लॉकडाउन, 10 जुलाई से लागू
दुनिया में 24.9 करोड़ केस, 18 लाख मौतें
एमआइटी के स्लोन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के शोधकर्ता हाजिर रहमानदाद, टीवाई लिम और जॉन स्टरमैन ने यह अध्ययन किया है. अध्ययन के अनुसार, दुनिया में 2021 में वसंत के मौसम तक 24.9 करोड़ मामले और 18 लाख मौतें हो सकती हैं. शोधकर्ताओं ने साफ कहा है कि ये अनुमानित आंकड़े वैक्सीन की खोज नहीं होने और इलाज की उपलब्धता के अभाव के मद्देनजर पेश किये गये हैं.
84 देशों में 4.75 अरब लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण
शोधकर्ताओं ने 84 देशों में 4.75 अरब लोगों के विश्वसनीय जांच आंकड़ों के आधार पर एक डायनैमिक एपिडेमियोलॉजिकल मॉडल तैयार किया है. इस अध्ययन के लेखकों ने लिखा है, ‘हमने वैश्विक स्तर पर कोविड-19 महामारी को लेकर सभी देशों के लिए अनुमान लगाने का मॉडल बनाया है. हमारा मॉडल रोग के प्रसार की गतिशीलता को पकड़ता है.’
इसे भी पढ़ें – CM हेमंत सोरेन ने खुद को किया क्वारेंटाइन, मंत्री मिथिलेश ठाकुर और मथुरा महतो से हुई थी मुलाकात
जांच में तेजी से संक्रमण में कमी आयेगी
रिसर्चरों का कहना है कि अगर जांच में और तेजी लायी जाये और आपसी संपर्क सीमित किया जाये तो महामारी के फैलने की आशंका भी कमजोर पड़ेगी. यदि इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोरोना का और विकराल रूप देखने को मिल सकता है.
भारत रहेगा टॉप पर
इस अध्ययन की मानें तो 2021 की सर्दियों के अंत तक भारत में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले होंगे. उसके बाद अमेरिका और अन्य देश होंगे. तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका और उसके बाद ईरान, इंडोनेशिया, यूके, नाइजीरिया, तुर्की, फ्रांस और जर्मनी होंगे. उस वक्त तक अमेरिका में 95 हजार मामले प्रति दिन, दक्षिण अफ्रीका में 21 हजार मामले प्रति दिन, ईरान में 17 हजार मामले प्रति दिन और इंडोनेशिया में 13 हजार मामले प्रति दिन होंगे.
इसे भी पढ़ें – रांची: पुलिसकर्मियों के Corona पॉजिटिव मिलने के बाद थानों में एंट्री पूरी तरह से बंद



