JharkhandLead NewsRanchi

बड़े नेताओं के एडजस्टमेंट के चक्कर में उलझी भाजपा नहीं चुन पा रही प्रतिपक्ष का नेता

Jitendra Kumar

Ranchi : झारखंड में पार्टी का नेतृत्व प्रदान करने के मामले में भाजपा बुरी तरह उलझी हुई है. झारखंड विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ हो जाने के बाद भी भाजपा प्रतिपक्ष का नेता नहीं चुन पाई. सारा मामला प्रदेश के बड़े नेताओं को एडजस्ट करने को लेकर फंसा है. विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी नेतृत्व संगठन में बदलाव चाहता है. इसके लिए पार्टी के शीर्ष स्तर पर प्रदेश में नए और ऊर्जावान नेताओं को जगह देने की बात हो रही है. परंतु सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया जारी रहने के कारण प्रतिपक्ष के नेता का चुनाव भी लटक गया है. क्योंकि भाजपा को झारखंड में एक साथ प्रदेश अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता का फैसला करना है. इसमें प्रदेश के कद्दावर नेताओं को एडजस्ट करना या दरकिनार करना दोनों मुश्किल हो रहा है.

बाबूलाल ही नहीं कई और भी दावेदार

भाजपा के जानकारों की मानें तो बाबूलाल मरांडी प्रतिपक्ष का नेता बनने की चाहत रखते हैं. वहीं उनके नेतृत्व में भाजपा को विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिलने के कारण पार्टी नेतृत्व किसी और को यह जिम्मेदारी देना चाहता है. इस दौड़ में नीरा यादव, नवीन जायसवाल सरीखे कई नेता हाथ-पांव मार रहे हैं. सीपी सिंह इस बार यह पद हर हाल में पाना चाहते हैं. भाजपा के लिए सुखद सिर्फ इतना है कि झामुमो से आये चंपाई सोरेन ने प्रतिपक्ष के नेता पद की दौड़ में अपने को अलग कर लिया है. उनका कहना है कि हेमंत सोरेन को भतीजा के रूप में मानने के कारण सदन में उनके विरुद्ध बोलना या अटैक करना मुश्किल होगा. इस स्थिति में चंपाई सोरेन को पार्टी द्वारा राष्ट्रीय कमेटी में स्थान देना लगभग तय माना जा रहा है. वैसे चंपाई सोरेन भी प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में एक नाम अवश्य हैं. प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक औऱ दावेदार रवींद्र राय बताये जा रहे हैं. विधानसभा चुनाव के वक्त उन्हें प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था.

रघुवर दास को लेकर भी उलझन

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ओडिशा के राज्यपाल का पद छोड़ने के बाद झारखंड लौट आए हैं. पार्टी में उनकी पहुंचे और कद को देखते हुए कोई ना कोई महत्वपूर्ण पद मिलना सुनिश्चित बताया जा रहा है. इसके लिए उन्हें या तो केंद्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी या प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी जा सकती है. लेकिन झारखंड में भाजपा को आदिवासी और मूलवासी के बिखरे हुए वोटों को सहेजने की भी चुनौती है. इस कसौटी पर रघुवर दास दास को नेतृत्व प्रदान करने में पार्टी को परेशानी हो रही है. हालांकि गैर आदिवासी पॉलिटिक्स को बढ़ाने की दिशा में रघुवर दास सही विकल्प भी बताये जा रहे हैं. वैसे प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में सांसद मनीष जायसवाल सरीखे कई और भी नेता हैं. राज्य में भाजपा को कुर्मी वोट बैंक को भी ध्यान में रखना है. इस तरह पूरा मामला उलझा हुआ है और भाजपा नेतृत्व किसी हड़बड़ी में नहीं है.

अर्जुन मुंडा भी एक फैक्टर

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी एक बड़े फैक्टर हैं. लोकसभा में खुद और विधानसभा चुनाव में मीरा मुंडा के हार जाने के बाद उनकी स्थिति थोड़ी कमजोर है. लेकिन झारखंड की राजनीति में और पार्टी हित को ध्यान में रखने पर अर्जुन मुंडा को भी दरकिनार करना बहुत आसान नहीं हो रहा है. इस स्थिति में अर्जुन मुंडा को भी एक सम्मानजनक पद देना पार्टी के लिए मजबूरी बताई जा रही है. ये सारे कारण प्रतिपक्ष के नेता और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में तरह-तरह के रोड़े अटका रहे हैं.

Related Articles

Back to top button