JharkhandRanchi

हरमू ग्राउंड में व्यावसायिक और राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाने के लिए झारखंड राज्य आवास बोर्ड से लगायी गयी गुहार

Ranchi: हरमू, रांची में रहनेवाले सिविल इंजीनियर वेदांत कौस्तव ने झारखंड राज्य आवास बोर्ड से हरमू ग्राउंड के व्यवसायिक और राजनीतिक उपयोग पर रोक लगाने का आग्रह किया है. इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष संजय लाल पासवान से मिलकर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा है. इसमें कहा है कि

हरमू हाउसिंग कॉलोनी राजधानी रांची के सबसे बड़े आवासीय क्षेत्रों में से एक है. यहां बड़ी आबादी बसती है. इस कॉलोनी का निरंतर विस्तार हो रहा है. इतनी बड़ी कॉलोनी में हरमू चौक के ठीक सामने एक ही खेलकूद का मैदान है. लेकिन इस मैदान का हमेशा से व्यवसायिक कार्यों, प्रदर्शनी, मेले, राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. कई मौके पर यहां महीने भर तक व्यापार के मेले लगे रहते हैं. इन वजहों से इस मैदान का उपयोग न खेलकूद कार्यों में होता है और न ही लोग मॉर्निंग, इवनिंग वॉक में निकल पाते हैं. जब भी यह मैदान खाली रहता है, तो युवा और बच्चे खेलकूद का अभ्यास करते हैं. वे इस मैदान में कई मैच के आयोजन भी करते हैं.

इनके अलावा इस खेल मैदान के रख-रखाव पर ध्यान देना भी जरूरी है. व्यवसायिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर मैदान में जगह- जगह खंभे, बांस-बल्ली गाड़े जाते हैं. इसके बाद वे सभी गड्ढे छोड़ दिए जाते हैं. मेले, प्रदर्शनी में लोगों के आने- जाने के कारण गंदगी का अलग अंबार लग जाता है. व्यवसायिक कार्यक्रमों के चलते युवा, बच्चे खेलकूद का अभ्यास करने से भी वंचित होते रहे हैं. यातायात और विधि व्यवस्था की भी समस्या बनी रहती है.

मैदान का उपयोग सिर्फ खेलकूद और वॉकिंग के लिए हो, यह इस कॉलोनी के लोगों की मांग भी रही है. इसलिए इस मामले में गंभीरता से विचार करते हुए इस मैदान का उपयोग सिर्फ खेलकूद और वॉकिंग कार्यों के लिए ही रहने दिया जाए. वैसे भी राजधानी रांची में खेलकूद के मैदान और लोगों के घूमने- टहलने के स्पेस कम होते जा रहे हैं. शहरीकरण की होड़ में इन बातों पर गौर करना जरूरी है. इन बातों को ध्यान में रखते हुए एक सार्वजनिक तौर पर एक नोटिस का प्रकाशन किया जाए कि हरमू मैदान का उपयोग किसी व्यवसायिक, राजनीतिक कार्यक्रमों में नहीं किया जा सकता है.

Related Articles

Back to top button