
Ranchi : शनिवार को कोयला एवं खान राज्य मंत्री (भारत सरकार) सतीश चंद्र दुबे ने सीसीएल, रांची का दौरा किया. रांची आगमन पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया. इस दौरे में मंत्री ने सबसे पहले बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद मंत्री ने सीसीएल के कार्य-कलापों का जायजा लिया.इसमें सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह एवं निदेशकगण भी उपस्थित थे. मंत्री ने सीसीएल के उत्पादन, प्रेषण एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की तथा उचित दिशा निर्देश दिये. देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कोयले के उत्पादन एवं प्रेषण में और बढ़ोतरी करने के लिए कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिए. उन्होंने सीसीएल के साथ-साथ सीएमपीडीआई के सीएमडी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की. इसके बाद श्री दुबे ने सीसीएल के पिपरवार क्षेत्र का दौरा किया जहां उन्होंने सीसीएल के महत्वाकांक्षी परियोजना-20 मेगावाट क्षमता के एक सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया. इस सोलर पावर प्लांट के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी बहुत लाभ मिलना है.
ज्ञात हो कि सोलर पावर यानी सौर ऊर्जा एक अक्षय ऊर्जा स्रोत है. इसका मतलब सूर्य के प्रकाश से ही सौर ऊर्जा उत्पन्न होना और इसका इस्तेमाल बिजली रहित इलाकों में बिजली पहुंचाने और घरेलू कामों में (खाना पकाना आदि) किया जा सकता है. इससे क्षेत्र में वायु प्रदूषण भी कम होगा. प्रधान मंत्री के दिशानिर्देश पर रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में यह सोलर प्लांट काफी कारगर साबित होगा. इस दौरान मंत्री स्थानीय अधिकारियों एवं हितधारकों से मिले. उन्होंने हितधारकों के समुचित विकास के लिए उचित और बहुमूल्य दिशा निर्देश भी दिये.



