
Ranchi : राजधानी रांचीवासियों को सोमवार दोपहर बाद गर्मी से राहत मिली. जहां तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हुई. जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से छुटकारा मिला. रांची के साथ ही इस दौरान खूंटी, लातेहार और गुमला में भी बारिश हुई. जिससे लोगों को राहत का एहसास हुआ. पिछले कुछ दिनों से राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच गया था. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जा रही थी.
हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में 13 जून तक हीट वेव चलने की जानकारी दी है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 15 जून के पहले राज्यवासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 13 जून तक राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्से में हीट वेव का असर देखा जायेगा. इस दौरान राज्य का औसतन तापमान 40 डिग्री तक रहने की संभावना है. जबकि पलामू, लातेहार और गढ़वा का तापमान 44 डिग्री तक रहने की जानकारी दी गयी है.
हालांकि इस दौरान मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पूर्वी और उत्तर पूर्वी हिस्से में 13 जून के बाद बारिश होने की जानकारी दी है. राज्य में 14 जून के बाद मानसून के आगमन की संभावनाएं हैं. ऐसे में अभी और कुछ दिन लोगों को गर्मी झेलनी होगी. हालांकि 13 जून से राज्य के पूर्व, पश्चिमी और मध्य हिस्से में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की जानकारी दी गयी है.
इसे भी पढ़ें – 10 विभागों की 25-25 करोड़ की योजनाओं की तत्काल स्वीकृति देने की तैयारी, सीएम की बैठक में रखा जायेगा प्रस्ताव



