
Ranchi : शहर के फुटपाथ दुकानदारों के लिए कचहरी रोड में बने अटल स्मृति वेंडर्स मार्केट का शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उद्घाटन किया. यह देश का पहला बड़ा वेंडर्स मार्केट के रूप में स्थापति होगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी शहरों में नगरीय व्यवस्था देना सरकार की प्राथमिकता है. राज्य सरकार शहरीकरण को चुनौती नहीं, बल्कि अवसर मान रही है. पूरे राज्य में 25 वेंडर्स मार्केट का निर्माण किया जा रहा है. रांची के हरमू, रातू रोड, मोरहाबादी, एचईसी सहित पांच स्थलों पर वेंडर्स मार्केट का निर्माण होगा. राज्य के किसी भी शहर में फुटपाथ दुकानें सड़क पर न हों, इस हेतु राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से वर्ष 2022 तक सभी चिह्नित 36,831 वेंडर्स को मार्केट मुहैया करायेगी, ताकि वे इज्जत के साथ जिंदगी जी सकें.
इसे भी पढ़ें- एक लाख करोड़ के ऑन गोईंग प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी, आपूर्तिकर्ताओं का भुगतान लंबित
हर क्षेत्र के विकास में नया इतिहास रच रहा झारखंड
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड अब हर क्षेत्र के विकास में नया इतिहास रच रहा है. यह राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि निर्धारित समय से पहले आज देश के पहले बड़े अटल स्मृति वेंडर्स मार्केट का उद्घाटन रांची में हो पाया है. इस नवनिर्मित वेंडर्स मार्केट का शिलान्यास 31 जुलाई 2016 को हुआ था. इसके माध्यम से शहरी नागरिकों को सुविधा प्रदान करने पर बल दिया गया है, साथ ही झारखंड के लोग गर्व के साथ यह कह सकते हैं कि सबसे बड़ा वेंडर्स मार्केट अगर देखना है, तो आप झारखंड की राजधानी रांची आयें.
इसे भी पढ़ें- कौशल विकास प्रशिक्षणः 50 फीसदी से कम नौकरी देनेवाली एजेंसियों की बैंक गारंटी जब्त होगी
जल्द होगा बेहतरीन अर्बन हाट का भी निर्माण
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची में जल्द ही एक बेहतरीन अर्बन हाट का भी निर्माण किया जायेगा. राज्य सरकार की सोच है कि शहर में फुटपाथ में लगनेवाले सब्जी मार्केट अथवा अन्य दुकानें सुव्यवस्थित किये जायें. उन्होंने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करना सरकार की प्राथमिकता है. शहर के बाजार स्वच्छ और सुसज्जित रहें, यह वेंडर्स, नगर निगम एवं आम जनता का दायित्व है. रांची शहर को देश का टॉप-10 स्वच्छ शहरों में शामिल करना हम सबों की प्राथमिकता होनी चाहिए. रांची टॉप-10 शहरों की श्रेणी में तभी स्थापित हो पायेगी, जब नगर निगम के अधिकारी, महापौर, उपमहापौर, पार्षद एवं आम जनता कर्तव्य का भाव जागृत कर कार्य करेंगे. टीमवर्क बनाकर कार्य करेंगे, तभी सफलता मिलेगी.
बेघर गरीब वेंडर्स को पीएमएवाई के तहत घर देगी सरकार
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गरीब के जीवन में बदलाव लाना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है. आज जिन वेंडर्स को इस मार्केट में दुकानें आवंटित की गयी हैं, उनकी खुशी देखकर मेरे अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है. गरीबों के जीवन में मुस्कान लाना मेरे जीवन का लक्ष्य है. वैसे गरीब वेंडर्स, जिनका रहने के लिए कोई घर नहीं है, उन्हें राज्य सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर देगी. उन्होंने कहा कि अंत्योदय ही सरकार का मूल मंत्र है. विकास के पायदान में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है. राज्य सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं को लगातार प्रतिबद्धता के साथ लागू कर रही है. बस आवश्यकता है कि हम जागरूक होकर सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि कानून का पालन अवश्य करें. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग सुनिश्चित करें. वाहन चलाते समय स्पीड पर नियंत्रण रखें. वाहन तेज गति से नहीं चलायें. युवा जोश में अपना होश नहीं खोयें. सड़क पर हमेशा सुरक्षित रहें. मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वेंडर्स मार्केट में स्थापित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया. मुख्यमंत्री ने निर्धारित समय से पहले वेंडर्स मार्केट के निर्माण के लिए नामित कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक हेमंत अग्रवाल को सम्मानित भी किया. मुख्यमंत्री ने वेंडर्स मार्केट में दुकान आवंटित किये गये वेंडर्स के बीच पथ विक्रेता प्रमाणपत्र भी वितरण किया.

इसे भी पढ़ें- लोहरदगा: रांची में पत्रकारों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कलम के सिपाहियों का प्रदर्शन
आधुनिक तकनीक एवं वाहन पार्किंग के साथ बनाया गया है वेंडर मार्केट : सचिव
नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य का पहला वेंडर्स मार्केट कुल 54 करोड़ रुपये की लागत से रांची में बनकर तैयार हुआ है. इस वेंडर्स मार्केट में 195 वाहनों की पार्किंग, भूतल पर 254 कियोस्क, प्रथम तल्ले पर 218 कियोस्क, दूसरे तल्ले पर 108 दुकानें, तीसरे तल्ले पर 23 कार्यालय एवं चतुर्थ तल्ले पर 9475 वर्ग फीट का एक बैंक्वेट हॉल बनाया गया है. उन्होंने बताया कि यह वेंडर्स मार्केट राज्य का आधुनिक वेंडर्स मार्केट है. नगर विकास सचिव ने कहा कि जल्द ही रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम का भी जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जायेगा. रांची में एक नाइट मार्केट का भी निर्माण किया जाना सुनिश्चित हुआ है.
ये थे मौजूद
इस अवसर पर रांची के सांसद रामटहल चौधरी, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त मनोज कुमार, अपर सचिव नगर विकास विभाग बीपीएल दास, स्थानीय पार्षद आशा देवी, नगर निगम क्षेत्र के सभी पार्षद, सभी वेंडर्स, संवेदक एवं बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे.




