
Ranchi/Hazaribagh: गोंदलपुरा खनन परियोजना (बडकागांव, हजारीबाग) के तहत अदाणी फॉउंडेशन ने विश्व वन्यप्राणी सप्ताह के अवसर पर हरली स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में गुरुवार को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया। इससे पहले दो से आठ अक्टूबर तक इस वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन किया गया जिसके तहत जंगल, अभ्यारण और पर्यावरण बचाने को लेकर विभिन्न माध्यमों से आम जनता को जागरूक करने की कोशिश की गयी.
इस अवसर पर वन्यप्राणी सप्ताह के बाद विद्यालय परिसर और अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर में पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन पोस्टरों में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों को ध्यान में रखकर पेंटिंग्स और पोस्टर्स बनाए। प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार को प्रथम, काजल कुमारी को द्वितीय और खुशबू कुमारी को तृतीय स्थान मिला.
सभी विजेताओं को स्कूल के शिक्षकों ने मेडल, डायरी और पेन देकर उनका उत्साह बढ़ाया. कार्यक्रम में शिक्षकों ने उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि इस वर्ष विश्व वन्यप्राणी सप्ताह का थीम “वन्यजीव संरक्षण के लिए साझेदारी” है जो यह बताता है कि साझेदारी यात्रा और सहकारी प्रयासों का महत्व जानवरों के संरक्षण और उनके आवास के संरक्षण के लिए सुनिश्चित करने में कैसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
गोंदलपुरा खनन परियोजना के तहत अदाणी फॉउंडेशन ने पिछले जून में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न इलाकों में पौधारोपण समेत अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया था. आने वाले समय में नवम्बर महीने में विश्व ऊर्जा संरक्षण दिवस, दिसंबर में विश्व मृदा दिवस और अगले वर्ष मार्च महीने में विश्व जल और स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। इन सभी अवसरों पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे.




