
Ranchi : डुमरी में उपचुनाव की घोषणा से पहले ही हेमंत सोरेन ने मास्टर स्ट्रोक चल दिया है. चुनाव की तारीख का एलान होने से पहले ही सीएम ने विकास की झोली खोल दी है. डुमरी विधानसभा क्षेत्र के नावाडीह में मौजूद बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने 17097.82 लाख की अलग-अलग योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर यह जता दिया है कि डुमरी सीट उनके लिए कितनी एहमियत रखती है. मुख्यमंत्री ने लाभुकों के बीच 5,636.94 लाख की परिसंपत्ति का वितरण कर चुनावी पारा और बढ़ा दिया है.
अपने संबोधन के जरिये उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता के साथ खड़ी है. मौके पर उन्होंने सावित्री बाई फुले योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, बिरसा हरित ग्राम जैसी योजनाओं का जिक्र किया. साथ ही निजी क्षेत्रों में स्थानीय को 75 प्रतिशत आरक्षण के लिए उठाये गये कदम के बारे में भी चर्चा की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दो वर्षों तक कोरोना से संघर्ष के बाद पिछले एक-डेढ़ साल में जो काम किये गये हैं, उसका अनुभव आप सभी कर रहे होंगे. उन्होंने कहा कि जगरनाथ महतो को अमर रखने का जिम्मा आप पर है. उन्होंने कहा कि जगरनाथ दा को बचाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी लेकिन वे जनता के बीच जाये बगैर नहीं रह सकते थे.
1932 की पैरवी के साथ भाजपा-आजसू पर निशाना
अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता के मसले को भी उठाया. उन्होंने कहा कि 1932 के खतियान के आधार पर कानून बनाया लेकिन आजसू और बीजेपी के लोगों ने कोर्ट में जाकर अड़चन डाल दिया. उन्होंने 60-40 नाय चलतो वाले नारे का जिक्र किए बगैर कहा कि एक नया नारा देकर लोगों को भड़काया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 1932 हमारा मुद्दा था और मुद्दा रहेगा. हम हारे नहीं हैं बल्कि लंबी छलांग के लिए दो कदम पीछे आये हैं. उन्होंने कहा कि इन खुराफातियों ने 20 वर्षों तक राज्य के विकास की गति को रोके रखा.
जगरनाथ बाबू के अधूरे काम को पूरा करेंगेः बेबी देवी
मौके पर मंत्री बेबी देवी ने कहा कि स्व. जगरनाथ महतो शिक्षा मंत्री रहते नावाडीह प्रखंड को शिक्षा का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे थे. उनके प्रयास से यहां मॉडल डिग्री कॉलेज निर्माण को स्वीकृति मिली. उनके हर अधूरे सपने को जनता के आशीर्वाद से पूरा किया जायेगा. शीघ्र ही केशधरी के समीप प्रस्तावित आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – एनआईए के मोस्टवांटेड 10 लाख इनामी नक्सली नीरज सिंह खेरवार ने किया सरेंडर !



