
Ranchi: गुमला जिले के अलग-अलग प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों के लिए सरकारी आवास तैयार किए जाएंगे. जहां उनके आवास बनेंगे, वहीं पर संबंधित प्रखंड के सीओ, तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के लिए भी एक ही परिसर में आवास निर्माण का प्रयास होगा. ग्रामीण विकास, विशेष प्रमंडल, गुमला ने इस संबंध में ई-निविदा जारी भी कर दी है.
इसके मुताबिक सिसई प्रखंड के अलावा बसिया और कामडारा में भी बीडीओ, सीओ और अन्य स्टाफों के लिए आवास निर्माण होगा. इसके अलावा प्रखंड परिसर का विकास और विविध कार्य भी होंगे. सिसई में आवास निर्माण के काम पर 5 करोड़, 85 लाख, 42 हजार 146 रुपये, बसिया में 5 करोड़, 84 लाख, 79 हजार, 916 रुपये जबकि कामडारा में इसी काम के लिए 5 करोड़, 90 लाख, 82 हजार, 866 रुपये व्यय किए जाने का लक्ष्य है. इन तीनों जगहों पर मापदंड पर खरा उतरने वाले संवेदक या चयनित एजेंसी को 12 महीने के अंदर निर्धारित काम को पूरा करना होगा. इसके लिए 11 मई को वेबसाइट पर इससे संबंधित सूचना जारी होगी. 18 मई तक इच्छुक एजेंसी, संवेदक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं.
इन कामों के अलावा ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की ओर से डुमरी प्रखंड के कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक किचन शेड और डाइनिंग हॉल भी बनाए जाने की योजना है. 24 लाख 99 हजार 500 रुपये की लागत से इसे 3 महीने में तैयार करा लिया जाएगा. रायडीह प्रखंड परिसर में पुस्तकालय भवन के लिए पीसीसी रोड और डीप बोरिंग का काम भी होना है जिस पर 7 लाख 84 हजार रुपये की लागत आनी है. डीएमएफटी मद से बनने वाले इस काम को भी 3 माह के अंदर पूरा करा लिया जाएगा. इन दोनों कामों के लिए 11-12 मई को आवेदन करने होंगे. 12 मई को ही बिड खोले जाएंगे. ग्रामीण विकास विभाग के समुचित श्रेणी के अधीन निबंधित संवेदक ही इस निविदा में भाग ले सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के बलियापुर और बरवाअड्डा में बनेगा पुलिस स्टेशन बिल्डिंग, पुलिस लाइन रांची और जैप-6 में 225 बेड का बैरक




