
Ranchi : राजधानी रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र में व्यवसायी पर फायरिंग को लेकर सियासत गरमा गयी है. पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरना शुरू किया और बेखौफ बदमाशों व कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किये. पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा है- राजधानी के सबसे व्यस्तम व्यापारिक इलाके में फिर से बेलगाम अपराधियों के द्वारा एक प्लाईवुड व्यवसायी पर गोली चलाये जाने की सूचना है. व्यवसायी अपराधियों की गोली से घायल हैं. कुछ महीने पहले इसी इलाके में एक जेवर व्यवसायी की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी. 10 जून को भी दंगाइयों ने इसी इलाक़े में कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया था और पत्थरबाजी की थी. लेकिन पिछली घटनाओं से रांची पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, कानून व्यवस्था की इस दुर्दशा पर सरकार की नींद आख़िर क्यों नहीं खुल रही?
माहेश्वरी समाज ने युवक पर गोली चलने की घटना की भर्त्सना की
युवा समाजसेवी एवं प्लाईवुड व्यवसायी सौरभ साबू पर हमले की माहेश्वरी समाज ने तीव्र भर्त्सना की है. इस घटना के तुरंत बाद हुई माहेश्वरी समाज की बैठक में अध्यक्ष शिव शंकर साबू ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करे. सचिव नरेंद्र लखोटिया ने शिथिल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार मारू, पूर्व चेंबर अध्यक्ष दीपक मारु, अनिल साबू, मनोज कल्याणी, गिरिजा शंकर पेड़ीवाल, रमण बोड़ा, सौरभ साबू, अंकुर डागा, विनय मंत्री आदि कई लोग उपस्थित थे. मीडिया प्रभारी रश्मि मालपानी ने बताया कि कई समाज बंधु समुचित इलाज व्यवस्था में लगे हुए हैं और भुक्तभोगी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. जन बहुल एरिया में दिन में अगर इस तरह की घटना हो तो आम जनता को घर से बाहर निकलने के लिए बहुत सोचना होगा खास कर त्यौहार के वक़्त.
इसे भी पढ़ें – पुलिस ने राजधानी में फायरिंग करनेवाले अपराधियों के फुटेज जारी किये



