
Ranchi : 730 दिन में (दो साल) में भोगु विलेज से शंखा गढ़वा तक फोरलेन सड़क बन कर तैयार हो जायेगी. नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसके निर्माण के लिए समय-सीमा तय कर दी है. इसके साथ ही टेंडर भी जारी कर दिया है. सितंबर को बिड खुलेगा. यह प्रयास हो रहा है कि अक्टूबर के अंत तक संवेदक को एल-वन घोषित करते हुए एग्रीमेंट इत्यादि की प्रक्रिया पूरी की जाये. इसके बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकेगा. 12 जुलाई को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर से इस बहुप्रतिक्षित नेशनल हाइवे निर्माण के लिए शिलान्यास किया था. 50 किमी लंबी एनएच को 841.90 करोड़ की लागत से बनाया जायेगा. वर्तमान में यह सड़क नेशनल हाइवे 39 ओल्ड नेशनल हाइवे 75 कहलाती है. यह एनएच गढ़वा बाइपास को भी कनेक्ट करेगी. आगे जाकर यह यूपी के बनारस तक जुड़ेगी. उत्तर प्रदेश में पड़नेवाले एनएच का निर्माण यूपी एनएच विंग के जरिये कराया जायेगा. इसके लिए अलग से निविदा जारी कर काम किया जायेगा. इस सड़क के बनने से रांची से कुडू, चंदवा होते हुए एनएच 75 के रास्ते बनारस जाने का एक और विकल्प मिलेगा.
इसे भी पढ़ें – झारखंड हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा भारी वाहन प्रशिक्षण संस्थानों का ब्यौरा,परिवहन विभाग के सचिव बनाए गए प्रतिवादी



