
Jamshedpur:रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर भीषण हादसा हुआ है. चांडिल थाना इलाके के जायदा में कंटेनर और कार में भिडंत में एक ही परिवार चार लोगों की मौत हो गयी जबकि दो जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं. घटना शुक्रवार सुबह पांच बजे की है. बताया गया है कि दुर्घटना में कार सवार पति- पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इनमें दो ने जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बताया यह भी गया है कि कार चालक को झपकी आ गयी. झपकी आने की वजह से सड़क किनारे खड़े कंटेनर से कार जा टकराई.
अर्टिगा कार रामगढ़ से जमशेदपुर की ओर जा रही थी. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग बचाव के लिए पहुंचे. साथ ही दुर्घटना की सूचना चांडिल थाना को दी. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया. मृतकों में सुरेश करमाली, उनकी पत्नी रेणुका देवी शामिल हैं. एमजीएम मेंं इलाज के क्रम में मरनेवालों में सुरेश करमाली का एक वर्षीय पौत्र एवं बड़ी पुत्री संध्या है. घायल पुत्री पुष्पा एवं कार चालक प्रवीण का इलाज चल रहा है. सभी टेल्को में रहनेवाले रिश्तेदार के गृहप्रवेश में शामिल होने जमशेदपुर आ रहे थे. कंटेनर से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.




