JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर में फिलहाल ओवरब्रिज नहीं, लेकिन सड़कों के साथ भालूबासा, हावड़ा और मानगो ब्रिज का होगा कायाकल्प

साइकिल ट्रैक, ईवी चार्जिंग स्टेशन और पार्क बनेंगे, पाइपलाइन से मिलेगी गैस, जुस्को एमडी बोले-शहरवासियों को पानी-बिजली देने की जिम्मेवारी हमारी

Jamshedpur : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेस लिमिटेड (पूर्व नाम जुस्को) के प्रबंध निदेशक (एमडी) तरुण डागा ने कहा है कि शहर को बेहतर सड़कें देने के साथ ही पानी-बिजली देने के लिए जुस्को कृतसंकल्प है. शनिवार को मीडिया से बातचीत में डागा ने कहा कि 2021 में जुस्को ने शहरों की सड़कों का न केवल चौड़ीकरण किया है,बल्कि कई नयी सड़कों का निर्माण भी किया है. उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के विकास में सड़कें अहम हिस्सा हैं. यही कारण है कि हम शहर को बेहतर सड़कें देने के साथ ही कई नयी सुविधाएं – मसलन पार्क, पब्लिक स्क्वायर, पार्किंग, साइकिल ट्रैक और इलेक्ट्रिक वेहिकल (ईवी) चार्जिंग स्टेशन भी देने जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि शहर में पाइपलाइन के जरिये गैस की आपूर्ति करने के लिए गेल काम कर रहा है. हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द यह प्रोजेक्ट हकीकत बने, ताकि शहर के कार्बन फुटप्रिंट को भी कम किया जा सके.

पानी की सप्लाई के लिए ईस्टर्न और वेस्टर्न प्रोजेक्ट

तरुण डागा ने शहर में आइकोनिक सड़कें बनाने की बात कही, लेकिन फिलहाल ओवरब्रिज की सुविधाओं के बारे में कहा कि इसके बारे में कोई योजना नहीं है, लेकिन हमारी कोशिश है कि शहर के अंदर इंटीरियर सड़कों की ढांचागत संरचना को मजबूत करने के साथ शहर को बाहर से भी जोड़ा जा सके. उन्होंने बताया कि हमने हाल ही में तीन नये रूट बनाये हैं, जिससे शहर, बाहर से जुड़ा है. शहर के कुछ बस्ती इलाकों के साथ ही आदित्यपुर में बिजली-पानी की समस्या पर कहा कि हमारी पूरी कोशिश है कि निर्बाध तरीके से बिजली और पानी की सप्लाई हो. जहां पर जो दिक्कतें आ रही हैं, हम उसे ठीक कर रहे हैं लेकिन यह रातोंरात ठीक होने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि जुस्को ने  पानी की सप्लाई के लिए ईस्टर्न और वेस्टर्न प्रोजेक्ट बनाया है और दोनों पर काम चल रहा है, उम्मीद है कि जल्द ही इसके परिणाम दिखने शुरू हो जाएंगे.

इसे भी पढ़ें – हावड़ा-मुंबई मेन रूट पर 6 से 24 जनवरी के बीच कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ रूट बदलकर चलेंगी

केबुल टाउन में बिजली-पानी नहीं रोकी

केबल टाउन में पानी की सप्लाई पर कहा कि अभी कंपनी एनसीएलटी में है. ऐसे में कंपनी के जो प्रतिनिधि हैं, उनके निर्देश पर हमें काम करना पड़ रहा हैं. वहां पर हमने पानी-बिजली की सप्लाई रोकी नहीं है, बल्कि पानी-बिजली को इंडिविजुअल न देकर एक जगह दे रहे हैं, वहां से इसका लोगों में वितरण किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने रविवार से इस मुद्दे पर जल सत्याग्रह करने की चेतावनी दी है.

भावी योजनाओं में इनोवेशन पर भी जोर

भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हम शहर के कई क्षेत्र को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे. इसके लिए हमने इंजीनियरिंग स्टडी कराया है. इसमें भालूबासा ब्रिज, हावड़ा ब्रिज और मानगो ब्रिज के बेहतर पुनर्वास के साथ ही मेरीन ड्राइव, शहर की सड़कों को सिक्स लेन करने और स्ट्रेट माइल रोड को और बेहतर करने पर जोर होगा. उन्होंने बताया कि हम शहर के विकास में इनोवेशन को भी अपना रहे हैं. सड़कों के निर्माण में स्ट्रीट फर्नीचर, ग्रीन स्पेस, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और ट्री मैनेजमेंट का खास ध्यान रख रहे हैं.

सड़कों के चौड़ीकरण में 200 पेड़ों का हुआ स्थानांतरण

एमडी ने बताया कि सड़कों के चौ़ड़ीकरण में 200 पेड़ों को ट्रांसफर किया गया. ये पेड़ ट्रीज ट्रांसलोकेटर के जरिये एक जगह से दूसरी जगह ले जाये गये. सबसे अच्छी बात यह है कि इन पेड़ों में से 80 फीसदी पेड़ बच गये, केवल 20 फीसदी पेड़ ही नहीं बच पाये. सड़कों के चौड़ीकरण और उसकी डिजाइनिंग में हमारी पूरी कोशिश है कि किसी पेड़ को काटना नहीं पड़े.

इसे भी पढ़ें – CBSE Board Exam 2022: सीबीएसई कक्षा 10 और कक्षा 12 टर्म 2 परीक्षा के सैंपल पेपर हुए जारी, यहां से करें डाउनलोड

Related Articles

Back to top button