
Jamshedpur : कृषि कानून बिल के विरोध में महागठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के बंद का शहर भर में असर रहा. इस दौरान बंद समर्थकों ने जहां सड़कों पर उतरकर बंदी को सफल बनाने का पुरजोर प्रयास किया. वहीं कुछ जगहों पर टायर जलाकर भी प्रदर्शन करने के अलावा हाइवे भी जाम किया. इस बीच पुलिस ने शहर भर में 142 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया. इसमें सबसे अधिक 87 लोगों की गिरफ्तारी टेल्को थाना क्षेत्र से हुई. इसके अलावा सोनारी से 30, सीतारामडेरा से 25 लोगों की गिरफ्तारी की गई. इन सभी बंद समर्थकों को देर शाम थाना से जमानत दे दी गई.
सीतारामडेरा में झामुमो नेताओं ने टायर जलाकर किया विरोध-प्रदर्शन
शहर में कृषि बिल के विरोध में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ता ने जगह-जगह सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया. इसमें झामुमो सीतारामडेरा मंडल एरिया समिति भी शामिल रही. समिति की ओर से भालूबासा तीन नंबर गोलचक्कर के पास सभी दुकानें बंद कराई गई. वहीं क्षेत्र में टायर जलाकर कृषि बिल के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन भी किया गया. मौके पर समिति के अध्यक्ष कोला मुखी, सचिव संतोष लकड़ा, कोषाध्यक्ष राज कहर, राजू पाडिया, रोहित मुखी, शंकर भुइयां, दीपक दास, रोशन भुइयां, पवन कश्यप, विक्रम बिरुवा, रितेश मिश्रा मुख्य रुप से शामिल थे.
इसे भी पढ़ें-चाईबासा-खुंटी सीमा पर पुलिस व उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, सक्रिय सदस्य दिनेश गोप गिरफ्तार




