
Garhwa : शहर के बस स्टैंड में बुधवार की दोपहर दिनदहाड़े एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी. गोली चलाने के बाद वे फरार हो गये. एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है.
घटना में घायल मृतक का नाम शैलेश गौरव उर्फ टिंकू केशरी है. मृतक शहर के केशरी मोहल्ला निवासी बसंत केसरी का पुत्र है. जबकि इस घटना में घायल व्यक्ति का नाम कईल दुबे बताया गया है. वह गढ़वा थाना क्षेत्र के अचला गांव का रहनेवाला है.
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि वह प्रत्येक दिन की तरह बस स्टैंड गया हुआ था. वह एजेंटी का काम भी करते हैं. लेकिन घर से जाने के कुछ ही देर के बाद घात लगा कर बैठे अपराधियों ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी.
इसे भी पढ़ें:मंत्री आलमगीर आलम के छोटे भाई का निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
घटना की सूचना के बाद आसपास के लोगों के सहयोग से दोनों को उठा कर तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने शैलेश गौरव उर्फ टिंकू को मृत घोषित कर दिया. जबकि दूसरा गंभीर कईल दुबे की स्थिति नाजुक है.
आसपास के लोगों ने बताया कि शैलेश गौरव व कईल दुबे बस स्टैंड के पास खड़े थे. उसी बीच एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश लोगों ने शैलेश गौरव पर गोली चला दी. जिसका बीच-बचाव कर रहे कईल दुबे को भी अपराधियों ने गोली मार दी.
घटना के बाद बस स्टैंड में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अवध कुमार यादव व प्रभारी थाना प्रभारी अभय कुमार दल बल के साथ सदर अस्पताल पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहे हैं. इस संबंध में एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. जल्दबाजी में कुछ भी कहना उचित नहीं है.
इसे भी पढ़ें:बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, कहा- कागजों पर इंस्टॉल हुए 574 वेंटिलेटर




