
Palamu : पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के खामडीह उपडाकघर में पोस्टमास्टर द्वारा गबन की जांच शुरू कर दी गयी है. जमाधारकों के द्रारा लगाये गये आरोपों की पुष्टि और पैसों के हिसाब किताब की जांच के लिए मंगलवार से जांच शुरू की गयी. मेदिनीनगर पूर्वी के डाक निरीक्षक उतम कुमार के नेतृत्व में जमाधारक लाभुकों से इस सिलसिले में पूछताछ की गयी. पहले दिन कई गड़बड़ियां पकड़ी गयीं.
विदित हो कि पोस्टमास्टर अरविंद कुमार गुप्ता को कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने, चार महीने तक डाकघर बंद रखने तथा विभागीय पैसा गबन करने के आरोप में जेल भेज दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – पीएम मोदी का ऐलान, गरीब कल्याण योजना के तहत नवंबर तक मिलेगा मुफ्त में अनाज
लाखों रुपये जमा कराये, लेकिन पासबुक पर नहीं है दर्ज
सतबरवा के शंभूचक निवासी राजमोहन मेहता ने बताया कि 1.60 लाख रुपया बीएम साहब के पास जमा कराया, लेकिन मात्र 24 हजार रुपया पासबुक में चढ़ा है. इसी तरह बारी के अम्मारा खातून ने पांच साल में 60 हजार जमा कराये, लेकिन एक बार केवल 12 हजार रुपया कागजात पर दर्ज है. लॉकडाउन के पहले मनोज मेहता ने 2.50 लाख रुपये तीन परिवार के लोगों के नाम पर फिक्स डिपोजिट करने के लिए पोस्टमास्टर को दिया, लेकिन पोस्टमास्टर ने रुपये जमा करने से संबंधित कोई कागजात नहीं दिया.
मधुबाला और अनुराधा कुमारी के नाम पर 2018 में 80-80 हजार रुपये जमा किये गये, लेकिन दोनों के खाते में 27-27 हजार जमा है. वहीं ग्राम भोगू के रविंद्र पासवान, संजय कुमार सिन्हा, अजय सिन्हा, रामनरेश मेहता, सीताराम चौधरी समेत कई लोगों का आरोप है कि पैसा जमा लेने के बाद पोस्टमास्टर ने कागजात नहीं दिये गये. जांच टीम में अभियंता लव प्रताप सिंह, सतबरवा उपडाकघर के पोस्टमास्टर दारोगा सिंह भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – फोन में, पास की दुकान में मौजूद सबसे बड़ी चीनी कंपनी को जानिये, नोटबंदी के बाद जिसके पोस्टरबॉय बने थे मोदी
स्वाति कुमारी बनी पोस्टमास्टर
खामडीह ग्रामीण डाकघर की नयी पोस्टमास्टर स्वाति कुमारी बनायी गयी हैं. उप डाकघर के कार्यालय के सूचना पट पर 87 खाताधारियों के नाम और खाता संख्या अंकित किये गये हैं. उनके खातों में गड़बड़ी किये जाने का आरोप है. सूचना पट्ट जमाधारकों से अपनी पहचान के कागजात के साथ खाता में जमा किये गये पैसों का प्रूफ और आधारकार्ड खामडीह डाकघर में जमा करने की अपील की गयी है.
प्रमाण है तो डाकघर में पैसे सुरक्षित: डाक निरीक्षक
डाक निरीक्षक ने शिकायत सुनते हुए कहा कि जमाधारक खाताधारियों का पैसा डाकघर में सुरक्षित है. जांच पड़ताल के दौरान ग्रामीण सहयोग करें. ग्रामीणों ने खून पसीना एक करके अपनी जमा पूंजी ग्रामीण डाकघर में जमा करायी है. अगर उनके पास कागजात अथवा अन्य जमा कराने के प्रमाण हैं तो लाभुकों का धन सुरक्षित है.
इसे भी पढ़ें – पीएम मोदी पर राहुल, ‘तू इधर उधर की न बात कर, ये बता काफिला कैसे लुटा’



