
Ranchi : कोरोना महामारी से लड़ाई के लिए रांची जिला प्रशासन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 21 लाख रुपये का चेक सौंपा. यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गयी है. रांची डीसी राय महिमापत रे ने मुख्यमंत्री आवास जाकर सीएम को यह चेक सौंपा.
21 लाख रुपये की मदद में जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वैच्छिक रूप से दिया 1 दिन का वेतन (कुल 8 लाख रुपए) शामिल है. अन्य 13 लाख में जिला प्रशासन द्वारा सैनिटाइजर की बिक्री से मिले 3 लाख और ज़िले के सीबीएसई विद्यालयों से मिले 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद शामिल है.
इसे भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का निधन, कई दिनों से थे बीमार
सीएम ने की सराहना, कहा- राज्यवासियों के लिए गर्व की बात
जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यों की सीएम हेमंत ने सराहना की. उन्होंने कहा कि कोरोना संकट की इस घड़ी में सहायता करने के लिए तमाम संगठन और अधिकारी-कर्मचारी सामने आ रहे हैं. यह निश्चित तौर पर राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है. डीसी ने सीएम को कहा कि कोरोना को मात देने के लिए प्रशासन के तमाम अधिकारी और कर्मचारी सरकार से साथ खड़ा रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – जेरेडा के पूर्व निदेशक के ठिकानों पर ACB की छापेमारी, 170 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला
आइसीआइसीआइ बैंक ने 50,000 हैंड ग्लब्स और 50,000 थ्री लेयर मास्क सीएम को सौंपा
कोरोना से लड़ाई में मदद के लिए आइसीआइसीआइ बैंक के अधिकारियों ने भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की. इस दौरान मदद के तौर पर सीएम को 50 हज़ार हैंड ग्लब्स, 50 हज़ार थ्री लेयर मास्क, 240 बोतल सैनिटाइजर और 70 सेट इंफ़्रारेड थर्मल स्कैनर सौंपा गया. मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट में बैंक द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम, बचाव और इलाज के लिए सरकार द्वारा तमाम जरूरी कदम उठाये गये हैं. इसमें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और व्यवसायिक समेत अन्य विभिन्न संगठनों का पूरा सहयोग मिल रहा है.
बैंक की मदद से बना रांची सदर अस्पताल में थैलीसिमिया वार्ड
सीएम को बताया गया कि कोरोना अवधि में राज्य के सभी जिलों में सैनिटाइजर, ग्लब्स, थर्मल स्कैनर और पीपीई किट समेत अन्य बचाव सामग्रियों का वितरण किया गया है. रांची के सदर अस्पताल में थैलीसिमिया वार्ड को बनाने का खर्च बैंक ने ही वहन किया है. सीएम से मिलने वालों में आइसीआइसीआइ बैंक के प्रतिनिधियों में सेल्स विभाग के रिजनल हेड राजेश कुमार मिश्रा, रिटेल ब्रांच बैंकिंग के रिजनल हेड राकेश कुमार, चीफ मैनेजर माधव चौधरी, सीनियर मैनेजर अदिति घोष मौजूद थीं.
इसे भी पढ़ें – धनबाद : एक दिन की पुलिस रिमांड पर ढुल्लू महतो, जमीन हड़पकर दी थी जान लेने की धमकी



