
New Delhi : कांग्रेस में शामिल हो चुके इलाहाबाद हाइकोर्ट के पूर्व जज अभय थिप्से ने देश छोड़ कर भाग चुके हीरा कारोबारी नीरव मोदी के पक्ष में गवाही दी है. नीरव मोदी के प्रत्यर्पण से संबंधित लंदन में चल रहे मामले में अभय थिप्से द्वारा दी गयी गवाही के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला है. बीजेपी ने इस मामले पर राहुल गांधी पर बड़े आरोप लगाये हैं.
इसे भी पढ़ें – #Lockdown की वजह से उद्योगों को नहीं मिल रहा बाजार, उत्पादन पर भी असर, जानें आगे क्या होंगी चुनौतियां
अभय थिप्से ने गवाही में क्या कहा
अभय थिप्से ने बुधवार को लंदन के वेस्ट मिनिस्टर कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गवाही दी थी. उसमें उन्होंने कहा था कि केंद्रीय जांच ब्यूरो के नीरव पर लगाये गये आरोप भारतीय कानूनों के तहत नहीं टिक पायेंगे. भारतीय कानून के मुताबिक जब तक कि किसी के साथ धोखा न हो, तब तक धोखाधड़ी नहीं होगी. धोखाधड़ी के अपराध में धोखा अनिवार्य हिस्सा है. अगर एलओयू जारी होने से किसी के साथ धोखा नहीं हुआ है तो किसी कॉर्पोरेट बॉडी के साथ धोखाधड़ी का सवाल ही नहीं है. बैंक के अधिकारियों को एलओयू जारी करने का जो अधिकार दिया गया है, उसे प्रॉपर्टी नहीं कहा जा सकता और उन्हें संपत्ति के साथ सुपुर्द करने के लिए भी नहीं कहा जा सकता. लिहाजा यह भरोसा तोड़नेवाला अपराध नहीं हो सकता.
भाजपा कांग्रेस पर हमलावर
इस गवाही के बाद भाजपा ने कहा है कि नीरव मोदी के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही में कांग्रेस के एक सदस्य, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बचाव पक्ष के गवाह के तौर पर पेश हुए, यह विपक्षी पार्टी का असली चेहरा दिखाता है.
कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे हैं पूर्व जजः रविशंकर प्रसाद
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस की ओर से एक पूर्व न्यायाधीश ब्रिटेन में न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए काम कर रहे हैं, हमारी जांच एजेंसी प्रभावी तरीके से इसका जवाब देगी. उन्होंने कांग्रेस पर नीरव को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने नीरव के मामा मेहुल चौकसी को भी मदद पहुंचायी है. श्री प्रसाद ने कहा कि अभय थिप्से 13 जून 2018 को कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि थिप्से के पार्टी में शामिल होने के वक्त राहुल गांधी, अशोक गहलोत और अशोक चव्हाण भी मौजूद थे. उन्होंने कहा, ‘मेरा साफ आरोप है कि रिटायर्ड जज कांग्रेस के इशारे पर काम कर रहे हैं और नीरव मोदी को बचाने की कोशिश की जा रही है.’
इसे भी पढ़ें – भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या ने ट्विट कर भारत सरकार से कहा – मेरे सारे पैसे ले लो और सभी केस बंद कर दो
राहुल आखिर क्यों नहीं चाहते नीरव भारत आयेः संबित पात्रा
इधर बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी ट्वीट कर कहा, ‘यहां भारत में राहुल गांधी नीरव मोदी को लेकर सरकार से सवाल पूछते हैं दूसरी तरफ राहुल के खास एवं कांग्रेस के अभय थिप्से (पूर्व जज) नीरव मोदी के पक्ष में गवाह बनते हैं. आखिर क्या है जो राहुल नहीं चाहते कि नीरव भारत आये. उस रात पार्टी में राहुल और नीरव में क्या लेन-देन हुई थी?
कौन हैं अभय थिप्से
अभय थिप्से 1987 में महाराष्ट्र न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे और इसके बाद 2007 में वह जलगांव में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बने. मार्च 2011 में वह मुंबई हाई कोर्ट के जज बने और इसके बाद मई 2016 में उनका स्थानांतरण इलाहाबाद हाइकोर्ट में हुआ, जहां से वह 2017 में सेवानिवृत्त हुए. अभय थिप्से बंबई हाईकोर्ट में भी जज रह चुके हैं. वर्ष 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हुए थे. वह भारतीय चेस ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से के भाई हैं. अभय थिप्से कई चर्चित मामलों के जज रह चुके हैं. बता दें कि अभय थिप्से ने ही 2015 में अभिनेता सलमान खान को जमानत दी थी.
इसे भी पढ़ें – राज्य में 20 मई तक बारिश की संभावना, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन



