
Palamu: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र सिंह, सुखदेव भगत सहित चार विधायकों के भाजपा में शामिल होने के मामले को महज अफवाह बताया है.
पलामू दौर पर आये श्री उरांव शुक्रवार को कांग्रेस के पलामू जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें – जानिए, बकोरिया कांड, CID जांच, #CBI जांच, पूर्व DGP डीके पांडेय और ज्वाइंट डायरेक्टर अजय भटनागर में क्या है रिश्ता
श्री उरांव ने कहा कि भाजपा के लोग अफवाह फैला रहे हैं कि कांग्रेस के तीन से चार विधायक उनकी पार्टी में शामिल होनेवाले हैं, जबकि ऐसा कोई मामला दूर-दूर तक नहीं है.
सभी विधायकों से उन्होंने एक-एक करके बात की है. किसी ने भाजपा में शामिल होने की जानकारी नहीं दी है.
भय का माहौल बना रही भाजपा
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोग चुनाव आते ही अफवाहों पर विशेष ध्यान देते हैं, ताकि संबंधित पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह डगमगा जाये.
भय का माहौल बनाया जाये, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होनेवाला. पलामू प्रमंडल की 9 सीटों में से गठबंधन के तहत अधिकतर सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार देगी.
इससे महागठबंधन की स्थिति बेहतर होगी. पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए नेता एवं कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ लगे हुए हैं. आगामी विस चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन दमदार होगा.
सीएम के गृह जिले में डेढ़ लाख लोग हुए बेरोजगार
रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी बड़ी समस्या बन कर उभरी है. मुख्यमंत्री के गृह जिला जमशेदपुर में डेढ़ लाख लोग बेरोजगार हुए हैं.
इसे भी पढ़ें – अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचिए, निजीकरण से कर्मचारियों के न्यूनतम अधिकार भी छिन जायेंगे
कुछ महीने पूर्व रोजगार और उद्योग के लिए राज्य में हाथी को खूब उड़ाया गया, लेकिन कारोबार की शुरुआत कहीं नहीं हुई, बल्कि सैकड़ों उद्योग धंधे बंद हो गये.
पलामू के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार
श्री उरांव ने कहा कि राज्य का हिस्सा होने के बावजूद पलामू के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता रहा है. नियोजन नीति के बाद सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने के मामले में इस जिले की उपेक्षा की गयी है.
सामान्य वर्षा और रोपा की स्थिति कम रहने के बावजूद इस जिले को सुखाड़ क्षेत्र घोषित नहीं किया गया. गढ़वा के साथ पलामू को भी सूखा क्षेत्र घोषित किया जाना चाहिए था.
सबक सिखाने के लिए तैयार है जनता: ददई
पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ददई दुबे ने कहा कि कोलियरी क्षेत्र में एफडीआइ लाने की कोशिश की गयी, लेकिन जब विरोध किया गया तो उसे कथित तौर पर वापस ले लिया गया, लेकिन अबतक इसके लिखित प्रमाण कहीं नहीं मिले हैं.
आगामी विस चुनाव में जनता रघुवर दास को सबक सिखायेगी. भाजपा नेताओं के सारे सपने चूर-चूर हो जायेंगे.
मौके पर ये नेता रहे मौजूद
मौके पर अन्य लोगों के अलावा जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक, दीनानाथ तिवारी, ह्दयानंद मिश्रा, श्यामनारायण सिंह, डा. आनन्द सिंह, भरत सिंह, सीडी राम, विमला कुमारी, इमरान खान, समीम अहमद राईन, रामाशीष पांडेय, तपेश्वर प्रसाद, जीतेन्द्र प्रसाद भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – साहिबगंज : गांवों में घुसा #Ganga का पानी, #Flood से दो लाख लोग प्रभावित, पर #Camps में जाने को तैयार नहीं



