
Ranchi: रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना की तैयारी को लेकर पंडरा बाजार समिति प्रांगण में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राय महिमापत रे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. जिसमें जनरल आब्जर्वर, डीडीसी, एसडीएम, एसएसपी, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और मतगणनाकर्मी उपस्थित थे. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मतगणना को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये. राय महिमापत रे ने कहा कि मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गयी है. सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जायेगी. उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने कार्य स्थान पर आने का आदेश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – केएन चौबे और नीरज सिन्हा DGP बनने की रेस में सबसे आगे, 31 मई को रिटायर हो रहे डीके पांडेय
30 वीपीपैट की पर्ची की होगी काउंटिंग
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राय महिमापत रे ने बताया कि रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत हर विधानसभा क्षेत्र में पांच वीपीपैट की पर्ची की काउंटिंग होगी. कुल 30 वीवीपैट की पर्ची की काउंटिंग की जायेगी. उन्होंने बताया कि रांची संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना 21 राउंड में होगी और हर राउंड की जानकारी मीडिया को दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – जानिए, मारवाड़ी कॉलेज की छात्राएं कैंपस में किन कारणों से हो रहीं शर्मिंदा
त्रिस्तरीय सुरक्षा में स्ट्रांग रूम
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. साथ ही साथ 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है, उन्होंने कहा कि बाजार समिति में राजनीतिक दलों के रहने की व्यवस्था भी की गयी थी. श्री रे ने बताया कि गुरुवार की सुबह राजनीतिक दलों के सामने ही इवीएम की सील खोली जायेगी.
इसे भी पढ़ें – बिजली संकट पर मंत्री सरयू राय ने सीएम को घेरा, कहा- 30 लाख नये कनेक्शन का बहाना भयावह और निर्लज्ज मजाक
नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि 23 मई की सुबह 6 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा. सभी कर्मी सुबह चार बजे उपस्थित रहेंगे. उन्होंने कहा कि काउंटिंग हॉल में मोबाइल फोन या किसी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की मनाही है. कोई भी कर्मी, काउंटिंग एजेंट काउंटिंग हॉल में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस अनिरुद्ध बोस बने सुप्रीम कोर्ट के जज
उकसावे में न आयें, गंभीरता से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें : एसएसपी
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतगणना के दौरान अधिकारी, कर्मी पोस्ट को खाली न छोडें. वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतगणना के दौरान राजनीतिक दल या किसी व्यक्ति के उकसावे में न आयें. गंभीरता से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी होने पर तुरंत इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दें ताकि कार्रवाई की जा सके.
एसएसपी ने कहा -बाजार समिति में पर्याप्त संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहेंगे
एसएसपी ने कहा कि सभी को अपनी निर्धारित ड्यूटी के तहत काम कहना है. रांची जिला और शहर में संवेदनशील स्थानों में क्यूआरटी को तैनात किया गया है, साथ ही रैफ की कंपनी भी उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा सभी थानों में लाठी पार्टी की भी व्यवस्था की गयी है. एसएसपी ने बताया कि बाजार समिति में कंट्रोल रूम बनाया गया है. रैफ की कंपनी भी उपलब्ध रहेगी. साथ ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों का प्रभार दिया गया है, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – जेजेएमपी के ठिकाने पर पुलिस का छापा, फिर से भाग निकला सुप्रीमो पप्पू लोहरा



