
Ranchi: चौथे चरण के लिए झारखंड की तीन सीटों पर चुनाव प्रचार शनिवार शाम पांच बजे थम गया. 29 अप्रैल को पलामू, लोहरदगा और चतरा में वोट डाले जायेंगे. इन तीन सीटों के लिए 59 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं. पलामू में 19, लोहरदगा में 14 और चतरा में 26 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं. 2014 में ये तीनों सीटें भाजपा के खाते में गयी थीं. पलामू से भाजपा के वीडी राम, चतरा से सुनील सिंह और लोहरदगा से सुदर्शन भगत फिर से पार्टी के उम्मीदवार हैं. इनके विरुद्ध पलामू से राजद के घूरन राम, बसपा की अजंता भुंईयां, भाकपा (माले) की सुषमा मेहता समेत आठ निर्दलीय और अन्य पार्टियों के प्रत्याशी भी मैदान में हैं.
इसे भी पढ़ें – प्रचार वार में जेएमएम पिछड़ा, लोकसभा चुनाव नतीजा ही तय करेगा हेमंत का राजनीतिक भविष्य
लोहरदगा सीट से भाजपा के सांसद और केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, कांग्रेस के सुखदेव भगत, झारखंड पार्टी के देव कुमार धान, बसपा के श्रवण कुमार पन्ना समेत नौ निर्दलीय चुनावी अखाड़े में अपना भाग्य आजमा रहे हैं. वहीं चतरा से भाजपा सांसद सुनील सिंह को राजद के सुभाष यादव, कांग्रेस के मनोज कुमार यादव, भाकपा के अर्जुन कुमार, बसपा के नागेश्वर गंझू समेत 17 निर्दलीय प्रत्याशियों से टक्कर मिल रही है. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के पहले चरण के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक रवाना किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – 200 बड़ी अमेरिकी कंपनियां चीन को छोड़ भारत आने की तैयारी में : अमेरिकी सलाहकार समूह
तीन सीटों के लिए 53 लाख से अधिक मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
चतरा, लोहरदगा और पलामू लोकसभा सीट के लिए 53 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चतरा में पुरुष मतदाताओं की संख्या 734,907 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 658896 है. लोहरदगा में कुल 12.10 लाख मतदाता वोट देंगे. लोहरदगा में पुरुष मतदाताओं की संख्या 618947 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 592038 है. पलामू में 1850485 मतदाता हैं. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 998001 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 852453 है.
इसे भी पढ़ें – जिन्ना की तारीफ पर शत्रुघ्न सिन्हा की सफाई, बोले, ज़ुबान फिसल गयी थी



