
Ranchi: झारखंड सरकार के खेल विभाग की पहल पर दो जगहों पर इंटरनेशनल सिंथेटिक ट्रैक बिछाये जाने की योजना है. रांची में तो ट्रैक बिछाया जा चुका है औऱ चंदनकियारी स्टेडियम में काम जारी है.
रांची में आठ लेन के इंटरनेशनल सिंथेटिक ट्रैक और मैदान के सुंदरीकरण कार्य की लागत लगभग सवा सात करोड़ आयी है. काम तकरीबन पूरा हो चुका है.
चंदनकियारी में बिछ रहे छह लेन के सिंथेटिक ट्रैक और मैदान के संदरीकरण संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए पहले साढ़े छह करोड़ का बजट रखा गया था. पर अब इसका बजट बढ़ाने की तैयारी चल रही है. इसके लिए 11 करोड़ रुपये की रिवाइज्ड डीपीआर सरकार को भेजा गया है. अभी इस पर स्वीकृति मिलनी बाकी है.
इसे भी पढ़ें – #CID_ADG अनुराग गुप्ता सस्पेंड, राज्यसभा चुनाव 2016 में गड़बड़ी का लगा था आरोप
रांची में ट्रैक के लिए छह माह और चंदनकियारी के लिए दो साल
रांची के मोरहाबादी में बिछे आठ लेन के सिंथेटिक ट्रैक के लिए टेंडर की शर्तों के अनुसार इसे छह महीने में पूरा कर लिया जाना था. 7.27 करोड़ रुपये का प्रावधान इसके लिए किया गया था.
संवेदक ने नवंबर, 2017 से कार्य आरंभ कर दिया. कार्य पूरा होने में 14 माह लग गये. फिलहाल संवेदक ने संबंधित विभाग से स्टेडियम को हैंडओवर लेने को पत्र लिखा है.
चंदनकियारी में छह लेन का ट्रैक बिछाने का कार्य पूर्ण करने को ग्रामीण कार्य विशेष प्रमंडल, बोकारो ने 24 माह का समय दिया. एनआरइपी, बोकारो और संवेदक के बीच 16.07.2018 को एकरारनामा हुआ.
इसके बाद काम आरंभ हुआ. डीपीआर के अनुसार काम करने का निर्देश दिया गया. मार्च, 2020 तक सिंथेटिक ट्रैक बिछाये जाने की उम्मीद खेल विभाग को है. पर कार्य की जो स्थिति है उसे देख कर लगता नहीं कि काम समय पर पूरा हो पायेगा.
शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को मिला काम का जिम्मा
बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत चास रघुनाथपुर पथ के पास स्टेडियम निर्माण (सिंथेटिक ट्रैक) एवं अन्य विकास कार्यों के लिए एनआरइपी ने नियमानुसार शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, नयी दिल्ली को कार्य आवंटित किया.
एनआरइपी, बोकारो ने पत्रांक 1108, दिनांक-16.07.2018 के आधार पर संवेदक को कार्य आरंभ करने का निर्देश दिया. उस समय इस कार्य के लिए 6,53,69,296.00 (छह करोड़ तिरपन लाख उनहत्तर हजार दो सौ छियानबे) रुपये का प्रावधान सुनिश्चित किया गया.
इसे भी पढ़ें – मंत्री आलमगीर आलम ने की कॉन्ट्रैक्टर्स से मुलाकात,कहा- 24 फरवरी से होने लगेगा ठेकदारों को भुगतान
11 करोड़ तक पहुंच रहा बजट
चंदनकियारी स्टेडियम में छह लेन का सिंथेटिक ट्रैक बिछाने और मैदान के अन्य कार्यों के लिए साढ़े छह करोड़ का बजट दो वर्ष पूर्व तय किया गया था. हालांकि जुलाई, 2019 में चंदनकियारी में एथलेटिक्स सेंटर के उद्घाटन क्रम में खेल मंत्री अमर बाउरी ने सिंथेटिक ट्रैक और मैदान के सुंदरीकरण कार्य में तकरीबन नौ करोड़ की राशि लगने की बात कही थी.
नीले रंग का ट्रैक यहां बिछाया जाना है. मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में स्टेडियम में फुटबॉल मैदान, वालीबॉल और बास्केटबॉल ग्राउंड का काम तकरीबन पूरा हो चुका है. पर मैदान में सिंथेटिक ट्रैक बिछाने, साज सज्जा के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन और अन्यान्य कार्यों में लगने वाली राशि पूर्व निर्धारित राशि (साढ़े छह करोड़) से अधिक लग सकती है.
4.50 करोड़ की वृद्धि के साथ यह राशि 11 करोड़ तक पहुंच सकती है. पिछले अक्टूबर-नवंबर, 2019 को रिवाइज्ड डीपीआर बनाया गया है. इसके अनुसार 11 करोड़ की स्वीकृति के लिए राज्य सरकार से आवश्यक सहमति लेने का प्रयास जारी है. फिलहाल यह मामला सरकार के समक्ष लंबित है.
इसे भी पढ़ें – पुलवामा के शहीद विजय सोरेंग को रघुवर ने ठगा, CCL-BCCL फैमली मैटर की वजह से नहीं कर पा रही मदद



