
Ranchi: सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है. इस बाबत शुक्रवार को गृह कार्यालय खुलते ही आदेश दे दिये गये. अनुराग गुप्ता 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं. इससे पहले गुरुवार की देर शाम सीएम हेमंत सोरेन ने सस्पेंशन का आदेश दिया था.
जिसकी औपचारिकता सुबह कार्यालय खुलने के बाद पूरी की गयी. वर्ष 2016 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान अनुराग गुप्ता पर गड़बड़ी करने का आरोप लगा था. निर्वाचन आयोग की जांच और निर्देश के बाद 29 मार्च 2018 को रांची के जग्गनाथपुर थाना में गुप्ता के खिलाफ आइपीसी की धारा 171 B और 171 एफआइआर दर्ज है. चुनाव आयोग ने एफआइआर करने के अलावा एडीजी अनुराग गुप्ता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई चलाने का भी निर्देश दिया था.
इसे भी पढ़ेंः#PulwamaAttack की पहली बरसी, शहीद जवानों की याद में बने स्मारक का आज होगा उद्घाटन
मरांडी ने गड़बड़ी की शिकायत की थी
झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव 2016 में कथित गड़बड़ी की शिकायत को लेकर 2017 में एक सीडी जारी की थी. सीडी में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने के लिए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और एडीजी अनुराग गुप्ता के बीच बातचीत का जिक्र था. इसके बाद आयोग के प्रधान सचिव वीरेंद्र कुमार ने रांची आकर जांच की थी.
फिर तत्कालीन मुख्य सचिव को लिखे पत्र में अनुराग गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज करने को कहा गया था. जांच के बाद 13 जून 2017 को निर्वाचन आयोग ने अनुराग गुप्ता के खिलाफ एफआइआर और विभागीय कार्रवाई चलाने का निर्देश दिया था.
अनुराग गुप्ता को लेकर झामुमो शुरुआत से ही रघुवर सरकार के दौरान सदन में यह मुद्दा उठाते रहा है. श्री गुप्ता को सस्पेंड करने के लिए कई बार सदन को नहीं चलने दिया गया था.
इसे भी पढ़ेंः#Bihar में कौन होगा महागठबंधन का चेहरा? हर पार्टी की है अपनी पंसद, अब कुशवाहा ने लिया शरद यादव का नाम




