
Dhanbad : सुदामडीह थाना क्षेत्र के भौरा कोक प्लांट पावर हाउस में बीती रात हथियार बंद अपराधियों ने दो बीसीसीएल कर्मी भीम वाउरी और मुकेश कुमार को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की. इसके बाद गोदाम का ताला तोड़ लाखों का सामान लेकर चलते बने.
इसे भी पढ़ें : मिशन 2022 की तैयारी में जुटी BJP, नड्डा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक शुरू
इस संबंध में गार्ड मुकेश कुमार ने बताया कि हम लोग अपनी ड्यूटी में तैनात थे इसी क्रम में लगभग 10-15 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने हम लोगों को पकड़ लिया और हमारे साथी भीम बाउरी के साथ दुर्व्यवहार किया और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद बदमाशों ने स्टोर रूम की चाबी मांगी, तो हम लोगों ने इनकार किया तो उन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी. गोदाम की चाबी नहीं मिलने के बाद अपराधियों ने हम लोगों को बंधक बना लिया और रूम का ताला तोड़कर सामान लेकर चलते बने.
वहीं इस घटना से बीसीसीएल कर्मियों में काफी रोष है. कर्मियों का कहना है कि बिना सुरक्षा के हम लोग यहां नाइट ड्यूटी नहीं कर पाएंगे क्योंकि कभी भी बड़ी घटना घट सकती है. पहले सीआईएसएफ और बीसीसीएल गार्ड पेट्रोलिंग किया करते थे लेकिन अब बंद है. जिसके कारण अपराधियों का हौसला बुलंद है और वे घटना को अंजाम देकर अराम से चलते बनते हैं .
पावर हाउस के इंचार्ज आदेश कुमार गौड़ ने कहा कि कर्मियों के साथ अपराधियों ने मारपीट की है जिसमें एक कर्मी भीम बाउरी बुरी तरह से घायल हो गए हैं उनका इलाज धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है. उन्होंने बताया कि कर्मियों के बताए अनुसार कल अपराधियों ने दोनों कर्मियों को पिटाई करते हुए गोदाम से सामान लेकर चलते बने. वहीं उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ की नियुक्ति को लेकर प्रबंधन को चिट्ठी लिखकर सुरक्षा की मांग की गई है. इस घटना की लिखित शिकायत सुदामडीह पुलिस को दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें : विकास की गति पर लगी है ब्रेक, ग्राम पंचायतों में वित्त वर्ष 2020-21 के भी पड़े हैं 945 करोड़ रुपये




