JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

आइएएस के 17 पदों में कोई अफसर नहीं, निदेशक कृषि, पंचायत के साथ दो कमीशनरी भी खाली

Ranchi : झारखंड में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के 17 पद रिक्त हो गये हैं. वहीं, कई जिलों में डीडीसी भी नहीं है. कई अधिकारी वेटिंग फॉर पोस्टिंग में कार्मिक विभाग में योगदान करके बैठे हुए हैं. हालात यह है कि दो प्रमंडलों में कमीशनर नहीं हैं. पलामू व कोल्हान में प्रमंडलीय आयुक्त का पद खाली है. इसी तरह कई महत्वपूर्ण विभागों में वरीय पदाधिकारी नहीं है. लंबे समय से निदेशक पंचायती राज का पद रिक्त है. वहीं, विनय चौबे के जेल जाने के बाद से पंचायती राज सचिव का भी पद खाली है. इसके अलावा हालिया, जिला उपायुक्त के तबादले से कई बड़े पदों में भी अफसर नहीं हैं. निदेशक कृषि, जेएसएलपीएस की सीईओ का भी पद रिक्त हो गया है. कार्मिक विभाग ने इनकी सूची तैयार की है, इस सप्ताह के अंत तक इनका स्थानांतरण-पदस्थापन आदेश निकाले जाने की संभावना है.

इन पदों पर अब तक कोई अफसर नहीं

जिन विभागों, कार्यालय के अधिकारियों को 26 मई को उपायुक्त बनाया गया है वहां अभी किसी अधिकारी की पोस्टिंग नहीं की गयी है, ऐसे में यह माना जा रहा है कि फिर बड़े पैमाने पर आइएएस अधिकारियों का तबादला किया जायेगा. स्थिति यह है कि ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड सोसाइटी, जेएसएलपीएस में फिर सीईओ का पद खाली हो गया है. कंचन सिंह को सिमडेगा का डीसी बना दिया गया है, ऐसे में सीईओ का पद रिक्त है. आदिवासी कल्याण आयुक्त का भी पद अब खाली है. वहीं, निदेशक, उच्च शिक्षा, निदेशक झारखंड स्पेस एप्लीकेशन सोसाईअ सेंटर व मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अटल बिहारी वाजपेयी इनोवेशन लैब, निदेशक पर्यटन, परीक्षा नियंत्रक झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, निदेशक अंकेक्षण निदेशालय, निदेशक पेंशन एवं लेखा निदेशालय, निदेशक प्राथमिक शिक्षा, एमडी झारक्राफ्ट,  निदेशक झारखंड राज्य बाल संरक्षण संस्थान, महानिदेशक राज्य पोषण मिशन, संयुक्त सचिव कार्मिक विभाग में पद रिक्त हो गया है. ऐसे मे इन पदों पर अधिकारियों की जल्द नियुक्ति किए जाने की संभावना है.

Related Articles

Back to top button