
Dhanbad : शुक्रवार से शुरू हुई झमाडा कर्मियों की हड़ताल के कारण झरिया, कतरास, तोपचांची आदि क्षेत्रों में पानी की किल्लत शुरू हो गयी है. पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है. लोगों के पास पानी का स्टॉक खत्म होने लगा है. इसी के खिलाफ शनिवार की शाम झरिया के लोगों ने नगर विकास सचिव और झमाडा के एमडी का पुतला फूंका. उन्होंने इन पदाधिकारियों के खिलाफ जम कर नारेबाजी भी की.
इसे भी पढ़ें – झारखंड के IAS, IPS, IFS के नाम चिट्ठी, क्यों आप ऐसे हो गये ???
जल संकट से गुजर रहे हैं 12 लाख लोग
झरिया के लोगों ने कहा कि झमाडा कर्मियों की हड़ताल के कारण 12 लाख लोगों को जल संकट से गुजरना पड़ रहा है. उन्होंने नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की. मालूम हो कि झमाडा कर्मी छठा वेतन समझौता लागू करने के बाद निरस्त करने के विरोध में हड़ताल पर चले गये हैं. उनका कहना है कि 42 माह से झमाडा कर्मियों को वेतन नहीं मिला है. जिस कारण उन्हें भुखमरी जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. इस संबंध में झमाडा एमडी चंद्रमोहन कश्यप कहते हैं कि यह मामला उनका नहीं है, यह राज्य सरकार का मामला है.
इसे भी पढ़ें – कैबिनेट का फैसलाः प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में अब जी प्लस 8 तक का हो सकेगा निर्माण
पीएचईडी विभाग चालू नहीं कर पाया जल संयत्र
झमाडा कर्मियों की हड़ताल के कारण लोगों को पानी की किल्लत न हो इसलिए झमाडा एमडी ने पीएचईडी विभाग को जल संयत्र चालू करने को कहा था. शनिवार को पीएचईडी विभाग की टीम आयी. हंगामे की आशंका को देखते हुए वहां धारा 144 लगा दी गयी थी. दिन भर कड़ी मशक्कत करने के बाद भी जल संयत्र चालू नहीं हो पाया. बताया जाता है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों को भीषण जल संकट से गुजरना पड़ेगा.
इधर झमाडा एमडी चंद्रमोहन कश्यप का कहना है कि ये राज्य सरकार का मामला है राज्य सरकार ही तय करेगी. हंगामे की आशंका को देखते हुए जामाडोबा जल संयन्त्र में धारा 144 लगा दिया गया है और पीएचडी विभाग के कर्मियों को जल संयंत्र में लगाया गया है.
अब सवाल ये उठता है कि कब तक विभाग के साथ झमाडा के कर्मियों की वार्ता होती है और पानी सप्लाई चालू होती है. गौरतलब है कि अगर एक दो दिन में पानी सप्लाई चालू नहीं होती है तो पानी की विकट स्थिति उत्पन्न हो जायेगी और लोग पूरे इलाके में सड़क पर उतरने को मजबूर हो जायेंगे.
इसे भी पढ़ें – BHEL, SAIL, HAL में Leave Encashment पर रोक की खबर, #BSNL काट रही है वेतन, आर्थिक मंदी का असर !



