
Jamshedur : आज से प्रेमी जोड़ों और अपना मनचाहा साथी तलाश रहे लोगों के लिए इश्क के इम्तिहान के हफ्ते की शुरुआत हो गयी है. फरवरी महीना प्रेमी युगलों और युवाओं के लिए खास होता है औऱ इसका कारण होता है वैलेंटाइन डे. प्रेमी जोड़ों में खासतौर पर पुरुषों के लिए अपने साथी को खुश रखने और प्रेम की तलाश कर रहे लोगों के लिए अपने प्रेम के इजहार का यह बेहतरीन मौका माना जाता है. वैसे तो वैलेंटाइन डे 14 फरवरी को आता है, लेकिन वैलेंटाइन वीक की शुरुआत 7 फरवरी को ही हो जाती है. हर दिन एक अलग थीम पर होता है. सोमवार से इसकी शुरुआत हो गयी है. वैंलेंटाइन वीक का पहला दिन रोज डे होता है. इस दिन अपने साथी को गुलाब भेंट करने का रिवाज है. लाल गुलाब प्रेम का प्रतीक माना जाता है.
कारोबारियों ने पहले ही मंगा लिया था हैवी स्टॉक

जमशेदपुर में भी सोमवार को रोज डे के दिन फूल बेचनेवालों के यहां गुलाब की बिक्री बढ़ी रही. रोज डे के मद्देनजर फूल विक्रेताओं ने आम दिनों से ज्यादा मात्रा में लाल गुलाबों का ऑर्डर दे रखा था. शहर के प्रमुख फूल बाजार बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी और मानगो में सोमवार की सुबह से ही चहल-पहल रही. फूल कारोबारियों ने बेंग्लुरु, पुणे और कोलकाता से पहले ही लाल गुलाबों का हैवी स्टॉक मंगा कर रख लिया था. अपने लव, फ्रेंड, क्रश और यहां तक कि दुश्मनों तक को अलग अगल रंग के गुलाब देकर मनाते युवा दिखाई दिये, लेकिन रेड रोज भारी डिमांड में रहा. लाल गुलाब जो आम दिनों में 10 से 15 रुपये में आसानी से मिल जाता है, वह 40 से 60 रुपये में बिक रहा था.
250 का रोज बुके भी हुआ दोगुना, 500 में बिका
शहर में बुके के रेट भी सोमवार को बढ़ कर दोगुना हो गया. 10 गुलाब के बुके का रेट आम दिनों में 250 रुपये है. रोज डे पर यह 500 रुपये में बिका. इस बार 250 से से लेकर एक हजार तक के बुके मार्केट में बिक रहे थे. दुकानदारों ने बताया कि अगर कोई पहले से आर्डर करता है, तो हम लोग हजार से लेकर लाख रुपये तक के बुके उपलब्ध करवा सकते हैं.
जुबली पार्क इंट्री नहीं मिलने से युवा हुए उदास
शहर में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के चलते अब तक पार्कों को नहीं खोला गया है. आज के दिन जुबली पार्क के अंदर हजारों युवा अपने साथी के साथ स्पेशल समय बिताने को लेकर पार्क पहुंचने लगे थे, पर इस बार जुबली पार्क में प्रवेश नहीं मिलने के कारण प्रेमी जोड़ों में काफी निराशा देखने को मिली.
वैंलेंटाइन वीक में किस दिन क्या
7 फरवरी – रोज डे
8 फरवरी – प्रपोज डे
9 फरवरी – चॉकलेट डे
10 फरवरी – टेडी डे
11 फरवरी – प्रॉमिस डे
12 फरवरी – हग डे
13 फरवरी – किस डे
14 फरवरी – वैलेंटाइन डे
अलग-अलग रंग के गुलाबों का क्या है मतलब

- लाल गुलाब – लाल गुलाब प्यार का प्रतीक है. आप किसी से प्यार करते हैं या अपने प्यार का इजहार करना चाहते हैं, तो लाल गुलाब आपकी फीलिंग्स बताने का खूबसूरत जरिया है.
- पीला गुलाब – दोस्ती, जॉय और नयी शुरुआत का प्रतीक पीले गुलाब को आप अपने दोस्तों को दे सकते हैं. पीला गुलाब देकर नयी दोस्ती की शुरुआत कर सकते हैं.
- पिंक गुलाब – आपको अगर किसी व्यक्ति की कोई खूबी पसंद है या आप किसी को थैंक्यू बोलना चाहते हैं, तो आप पिंक गुलाब दे सकते हैं. बेस्ट फ्रेंड या मंगेतर को भी पिंक गुलाब दे सकते हैं.
- ऑरेंज गुलाब – आप किसी खास शख्स को दिल से पसंद करते हैं तो उसे ऑरेंज गुलाब देकर अपनी भावनाओं का इजहार कर सकते हैं.
- सफेद गुलाब – किस को सॉरी बोलना चाहते हैं या शुभकामना देना चाहते हैं, तो सफेद गुलाब दे सकते हैं.
- लवेंडर गुलाब – ‘लव एट फर्स्ट साइट’ यानी देखते ही किसी से प्यार हो जाने पर यह गुलाब दे सकते हैं. लेकिन आसानी से यह मिलता नहीं है.
- काला गुलाब – काले रंग का गुलाब दुश्मनी का प्रतीक है. लोग बदले की भावना में इस गुलाब को अपने शत्रु को भेजते हैं.
इसे भी पढ़ें – गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के चाचा की हत्या, लिफ्ट में पहले चढ़ने को लेकर हुआ था विवाद





