JharkhandLead NewsRanchi

धनवार व डोमचांच शहर में शुरू होगी शहरी जलापूर्ति योजना, कैबिनेट से ली जायेगी मंजूरी

Ranchi : झारखंड मंत्रिपरिषद की गुरुवार 7 दिसंबर को होनेवाली बैठक में राज्य के महत्वपूर्ण शहर धनवार व डोमचांच में शहरी जलापूर्ति योजना को मंजूरी मिलेगी. नगर विकास विभाग ने इस आश्य का प्रस्ताव तैयार किया है. कैबिनेट की मंजूरी के लिए इसे भेजा गया है. केंद्र प्रायोजित योजना अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन 2.0 अंतर्गत डोमचांच में 9227.88 लाख रुपये की योजना बनायी गयी है. इसके डीपीआर पर तकनीकी कोषांग नगर विकास विभाग ने अपनी स्वीकृति भी प्रदान कर दी है. 2011 की जनसंख्या के अनुसार कोडरमा जिला अंतर्गत डोमचांच की जनसंख्या 24531 है एवं इसमें उतरोत्तर वृद्धि हो रही है. वर्तमान में निकाय क्षेत्र में कुछ घरों में केशो नदी से जलापूर्ति हो रही है. ऐसे में पूरे निकाय क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था नहीं होने से परेशानी हो रही है. विभाग ने निकाय क्षेत्र में दो जलमीनार, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पाइपलाइन बिछाने इत्यादि की योजना बनायी है. नगर विकास विभाग ने गिरिडीह के धनवार नगर निकाय में भी शहरी जलापूर्ति योजना शुरू करने के लिए डीपीआर तैयार कराया है. इसके तहत 7251.54 लाख रुपये योजना में खर्च होंगे. वर्तमान में धनवार निकाय क्षेत्र की जनसंख्या 15297 है. इसमें वृद्धि भी हो रही है. कुछ घरों में ईरगा नदी से जलापूर्ति हो रही है, लेकिन यह नदी गरमी में सूख जाती है. ऐसे में विभाग ने धनवार शहरी जलापूर्ति योजना की स्वीकृति दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है. निकाय क्षेत्र में दो जलमीनार, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित पाइपलाइन बिछाने इत्यादि की योजना बनायी है. कैबिनेट से दो परियोजनाओं की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर इत्यादि की प्रक्रिया जुडको पूरा करेगा जिसके बाद इसे धरातल पर उतारने का काम किया जायेगा.

इसे भी पढ़ें – BIG BREAKING : हाइकोर्ट ने परिवहन विभाग की एफएफपी बिल्डिंग स्थित कार्यालय की पूरी संपत्ति को अटैच करने के कॉमर्शियल कोर्ट के आदेश पर लगायी रोक

Related Articles

Back to top button