
New Delhi: बिहार में राजनीतिक समीकरण तेज से बदलते और बनते-बिगड़ते दिख रहे हैं. वही बिहार एनडीए में इनदिनों सब ठीक नहीं चल रहा. एनडीए के दो घटक दल लगातार एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं. एक ओर जहां रालोसपा के दो विधायकों के जेडीयू में शामिल होने की अटकलें तेज हैं, वही इन सबके बीच उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में शरद यादव से मुलाकात की है.
इसे भी पढ़ेंःबिहार में NDA में फूट! रालोसपा के दो विधायक जेडीयू में होंगे शामिल ?
कुशवाहा बदलेंगे खेमा !
रालोसपा अध्यक्ष एवं भाजपा सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष के नेता शरद यादव से सोमवार को मुलाकात की. उनकी इस मुलाकात के बाद ये अटकलें तेज हो गई हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मतभेदों और लोकसभा चुनाव में भगवा पार्टी के बिहार के सहयोगियों के बीच सीटों के प्रस्तावित बंटवारे के चलते वह खेमा बदल सकते हैं.
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री कुशवाहा ने यादव के आवास पर उनसे मुलाकात की. माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर, खासकर बिहार की राजनीतिक स्थिति को लेकर बातचीत हुई. हालांकि अपने एक ट्वीट में कुशवाहा ने इसे शिष्टाचारवश हुई मुलाकात बताया.
इसे भी पढ़ेंःएनडीसी ने पूर्व सीएम बाबूलाल की सुरक्षा को कैसे खतरे में डाला, जिला प्रशासन की छवि हुई खराब
विरोधियों से बढ़ी नजदीकी
हालांकि, रालोसपा प्रमुख ने अक्सर जोर देकर कहा है कि वह नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे. लेकिन नीतीश कुमार के साथ उनके असहज रिश्तों और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेताओं के साथ मुलाकात ने, उनके भविष्य के कदम को लेकर अटकलें तेज कर दी हैं.
कुशवाहा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के उस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई थी, जिसमें कहा गया था कि उनकी पार्टी और राम विलास पासवान नीत लोजपा को 2014 के मुकाबले 2019 में कम सीटें दी जा सकती हैं ताकि कुमार की जदयू को ज्यादा से ज्यादा सीटें मिल पाएं. रालोसपा ने 2014 में तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था और तीनों सीटें जीती थीं.
ज्ञात हो कि कुशवाहा की पार्टी रालोसपा के विधायक सुधांश शेखर ने रविवार को जेडीयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर के साथ मुलाकात की थी. इतना ही नहीं, कुशवाहा की पार्टी के दूसरे विधायक ललन पासवान के जदयू में शामिल होने की चर्चा तेज है. 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में रालोसपा ने केवल दो सीटें जीती थीं.




