
Dhanbad : धनबाद के सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के करमाटांड़ में लगे भोक्ता मेला में चाट खाने से सौ से अधिक लोग बीमार हो गए हैं. इसमें ज्यादातर बच्चे शामिल है. सभी को इलाज के लिए पहले स्वर्गीय निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती किया गया. इसके बाद इनमें से 30 का जेपी अस्पताल शिफ्ट किया और बचे 70 से अधिक लोगों को एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें:हाईकोर्ट की कड़ी मौखिक टिप्पणी, कहा – पिछले तीन-चार वर्षो में अप्रत्याशित दाखिल हुए PIL
प्रशासन ने घटना का लिया संज्ञान
इधर, फूड प्वाइजनिंग से 100 लोगों के बीमार होने की सूचना पर जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देश पर बलियापुर सीओ रामप्रवेश अस्पताल पहुंचे और मरीज के परिजनों से बात की. साथ ही डॉक्टरों से मिल मरीजों के बेहतर से बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया. साथ ही घटना की जांच को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में है.

जानकारी के मुताबिक, सभी बीमार करमाटांड़ पंचायत के हुचुकटांड़ के रहने वाले हैं. सभी भगवान शिव की आराधना के लिए भोक्ता पूजा में शामिल होने आए थे. इसी दौरान मेले में इन लोगों ने चाट खाया था. जिसके बाद इनलोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. बुधवार की देर शाम से ही बीमार लोगों का अस्पताल में आना शुरू हो गया. अस्पताल में चारों ओर चीख पुकार मच हुआ था. सभी बीमार उल्टियां कर रहे थे.

चिकित्सक नर्स और वार्ड बॉय दौड़भाग में लगे थे. शरीर में पानी की कमी न हो, इसलिए सबको स्लाइन तुरंत लगाया गया. परिजन भी अपने-अपने मरीज की सेवा में जुटे थे. परिजन स्टैंड नहीं था तो बोतल अपने हाथ में पकड़ रखे थे. अस्पताल में देर रात तक करीब सौ से अधिक मरीज पहुंच चुके थे. इनमें से 30 का जेपी अस्पताल और 70 से अधिक लोगों को एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है.
बड़ी संख्या में मरीजों के आने से बेड की हुई कमी
अस्पताल में अचानक इतनी संख्या में मरीज पहुंचने से बेड की कमी हो गई. ऐसे में सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि जिस वार्ड में बेड खाली हो, उसी वार्ड में मरीजों को भर्ती करें. बेड नहीं है तो जमीन पर लिटा कर इलाज शुरू करें, ताकि किसी की जान को खतरा न हो. जिसके बाद करीब 32 लोगों का जमीन पर ही इलाज शुरू किया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई थी.





