
Musabani: जादूगोड़ा स्थित यूसीआईएल माइंस के मुख्य गेट अस्पताल चौक के समीप वीआरएस के आश्रित नाॅमिनी पिछले एक मार्च से नौकरी की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे हुए हैं. हड़ताल समाप्त कराने को लेकर अंचल अधिकारी राम नरेश सोनी, जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के प्रयास से शनिवार को अंचल कार्यालय में यूसिल प्रबंधन के साथ वीआरएस आश्रित नॉमिनी के साथ त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित हुई. इसमें कंपनी प्रबंधन की ओर से राकेश कुमार शामिल थे. आश्रितों की ओर से संरक्षक रोहित सिंह शामिल थे.
इस वार्ता में हड़ताली आश्रितों की ओर से कहा गया कि बचे हुए 125 आश्रितों को प्रबंधन जल्द से जल्द रोजगार प्रदान करे. बहाली की प्रक्रिया 2016 में पूर्ण हो चुकी है, परंतु प्रबंधन टालमटोल कर रहा है. यूसिल प्रबंधन की ओर से आए अधिकारी पूरी तैयारी करके नहीं आए थे, जिसके कारण वार्ता को आश्रितों के संरक्षक रोहित सिंह ने विफल बताया. उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन की मंशा इनके प्रति ठीक नहीं है. प्रबंधन की ओर से जो भी तथ्य दिए गए, वे सभी फर्जी हैं. हम उसे नहीं मानते और जब तक आश्रितों को रोजगार नहीं मिल जाता, यह आंदोलन जारी रहेगा. वार्ता में आश्रितों की ओर से अध्यक्ष मृणाल महतो, संजय माझी, आशुतोष भगत, सूरज, श्रवण गोप, कृष्णा करुवा, गौतम गुप्ता आदि मौजूद थे.
ये भी पढ़ें-Jamshedpur Cyber Crime : साइबर अपराधियों का नया कारनामा, शहर के तीन लोगों से 93 हजार की ठगी




