Lead NewsSports

सिमडेगा में 20 से 30 अक्टूबर तक 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप

Ranchi : हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित होनेवाली 11वीं जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2021 का आयोजन सिमडेगा में होगा. इसके लिए हॉकी इंडिया ने अपनी तिथि घोषित कर दी है. इसका आयोजन 20 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2021 तक होगा. हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह के मुताबिक चैंपियनशिप का उद्घाटन 20 अक्टूबर को तथा समापन 30 अक्टूबर को किया जायेगा.

यह प्रतियोगिता पूर्व से सिमडेगा में निर्धारित है. पूर्व में 3 अप्रैल से इसका आयोजन होना तय था लेकिन कोविड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रतियोगिता स्थगित कर दी गयी थी.

इसे भी पढ़ें:DHONI को टीम इंडिया का मेंटोर बनाये जाने की BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बताई वजह

महिला हॉकी चैंपियनशिप का हो चुका है आयोजन

विजय शंकर सिंह के अनुसार मार्च 2021 में सिमडेगा में राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन बहुत ही भव्य और शानदार तरीके से हुआ था. इसका सीधा प्रसारण विश्व के 192 देशों में यूट्यूब के माध्यम से हो रहा था. इस प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था. हॉकी झारखंड इस बार भी जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए उनसे ही अनुरोध करेगा.

इनके साथ साथ ही उद्घाटन के लिए विश्व हॉकी महासंघ भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा को भी हॉकी झारखंड उद्घाटन समारोह में आमंत्रित करने का अनुरोध करेगा.

इसे भी पढ़ें:स्कूल-कॉलेजों के आसपास सिगरेट-गुटखा बिका,  तो खैर नहीं : डीसी

मार्च में सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का जो आयोजन सिमडेगा में हुआ था, वह भारत के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ सब जूनियर प्रतियोगिता साबित हुआ. इसके लिए झारखंड सरकार का पूरा सहयोग रहा था. सिमडेगा के उपायुक्त सुशांत गौरव ने इस आयोजन को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी.

इसका सकारात्मक पहलू यह रहा कि वह भारत की सर्वश्रेष्ठ सब जूनियर प्रतियोगिता साबित हुई थी. इस बार भी हॉकी झारखंड, झारखंड सरकार, जिला प्रशासन सिमडेगा के सहयोग से जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता को भी भारत की सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिता बनाने की पूरी कोशिश करेगा जिसके लिए सिमडेगा में खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण कैंप भी शुरू हो गया है.

तकनीकी पदाधिकारियों के ठहरने के लिए होटल की बुकिंग के लिए भी हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष को दिशा निर्देश दे दिया गया है.

इसे भी पढ़ें:पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा बने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन, निर्विरोध जीता था चुनाव

31 टीमें लेंगी हिस्सा

जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भारत की कुल 31 टीमों और 650 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है. इसी प्रतियोगिता में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का चयन भी किया जायेगा और सिमडेगा में आयोजित इस प्रतियोगिता से चयनित भारतीय टीम के सदस्य ही आनेवाले ओलंपिक में खेलते हुए नजर आयेंगे.

यह प्रतियोगिता महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है. जिसका आयोजन हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में हो रहा है.

2016 में जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता रांची में हुई थी, उसी प्रतियोगिता में सलीमा टेटे का चयन भारतीय टीम में किया गया था और 2020 टोक्यो ओलंपिक में वे भारतीय टीम का सदस्य बनीं. उनके खेल को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहा था.

इसे भी पढ़ें:रांची में दुष्कर्म की सबसे अधिक घटनाएं, गिरिडीह में सबसे ज्यादा दहेज हत्या

Related Articles

Back to top button