
Ranchi : 17 दिसंबर को नगर आयुक्त शशि रंजन ने निगम क्षेत्रांतर्गत स्थित पटेल पार्क, हरमू श्री कृष्णा सिंह पार्क डोरंडा तथा डोरंडा अंचल कार्यालय डोरंडा स्टोर का भ्रमण किया. हरमू स्थित पटेल पार्क के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पार्क परिसर में बिना अनुमति के अस्थाई रूप से दुकान और संरचना बनायी गयी है. नगर आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे हटाने का संवेदक को निर्देश दिया. साथ ही यह सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी पार्क में बिना अनुमति के किसी प्रकार का निर्माण या संरचना नहीं बने. ऐसा पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. इसके अलावा उन्होंने स्थल की विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. जिससे आम लोग एक स्वच्छ वातावरण में यहां आकर समय बिता सकें. इस क्रम में पार्क के कुछ हिस्सों में जर्जर पड़ी बाउंड्री वॉल को देखते हुए उन्होंने इसे व्यवस्थित करने को कहा.
मौके पर अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, नगर प्रबंधक व अन्य कर्मी मौजूद थे.
आकर्षक लाईट लगाने को कहा
इसके बाद उन्होंने श्री कृष्णा सिंह पार्क, डोरंडा का निरीक्षण किया. इस दौरान नगर आयुक्त ने पार्क की मरम्मति के लिए संभावित राशि का ब्यौरा देने का निर्देश दिया. साथ ही पार्क के संवेदक को पार्क में साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई एवं ग्रास कटिंग को कहा. इसके अलावा उनके द्वारा स्थल पर विभिन्न पौधे और आकर्षक लाईट लगाने तथा स्थल की विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें – लातेहार: सुरक्षाबलों ने नक्सली मंसूबों को किया नाकाम, विस्फोटक सामग्री बरामद



