JharkhandRanchi

ई-सिगरेट के सेवन पर रखी जायेगी नजर, ऑनलाइन बिक्री पर प्रतिबंध से प्रयास होगा सफल : नितिन मदन कुलकर्णी

Ranchi: झारखंड में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और पुलिस मिल कर इसकी रोकथाम की कवायद करेंगे. इसे लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को देश के तमाम राज्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिया है.

झारखंड से इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने ई-सिगरेट की ऑनलाइन डिलवरी सिस्टम पर रोक लगाने का सुझाव देते हुए बताया कि इस माध्यम से सिगरेट सीधे ग्राहकों के पास पहुंच रहा है.

इसे भी पढ़ें – #AlQaeda का गढ़ तो नहीं बन रहा जमशेदपुर! अबतक गिरफ्तार हुए 12 संदिग्ध आतंकियों के जुड़ चुके हैं तार

इससे उत्पाद और उपभोक्ता के बीच कोई चेक प्वाइंट नहीं बचता. इसलिए डिलवरी प्वाइंट पर ही रोकथाम की व्यवस्था से प्रतिबंध कारगर होगा.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ई-सिगरेट की ऑनलाइन डिलवरी सिस्टम पर रोक के सुझाव पर अमल का भरोसा दिया. मालूम हो कि ई- सिगरेट पर इस वर्ष 18 सितंबर को एक अध्यादेश के माध्यम से पूरे देश में प्रतिबंध लगाया गया है. राज्य सरकार ने केंद्र की एडवाइजरी के आलोक में मार्च में ही इसे पूरे राज्य में प्रतिबंधित कर दिया था.

स्कूल-कॉलेजों पर करें फोकस

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगने के बाद स्कूल-कॉलेजों पर विशेष फोकस करते हुए इसकी सतत निगरानी पर बल दिया. इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षकों को भी सहभागी बनाते हुए कक्षा 10 से 12वीं तक के क्लास के छात्रों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा पान-गुटखा दुकानों पर भी निगरानी रखने और सतत जांच करते रहने पर बल दिया गया.

इसे भी पढ़ें – #MultiPurposeIDCard: आधार, DL, वोटर ID सब के लिए एक ही कार्ड- अमित शाह ने दिया प्रस्ताव

व्यापक प्रचार-प्रसार होगा

स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि ई-सिगरेट पर प्रतिबंध को असरदार बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग इसका विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करेगा. उन्होंने कहा कि प्रयास यह होगा कि प्रतिबंध की शुरुआत घर-परिवार से हो.

इसके लिए माता-पिता को भी विज्ञापन के माध्यम से बताया जायेगा कि वे कैसे बच्चों पर निगरानी रखें और ई-सिगरेट की लत से बचायें. उन्होंने बताया कि दो दिन पहले दिल्ली के एक स्कूल में औचक निरीक्षण में डेढ़ सौ से अधिक बच्चों के पास से ई-सिगरेट जब्त हुए. यह चिंताजनक स्थिति है.

उन्होंने कहा कि ई-सिगरेट पेन, पेंसिल सहित ऐसे कई आकार में बन रहे हैं, जिन पर शक की गुंजाइश कम रहती है. यही कारण है कि विभाग अपना फोकस एरिया स्कूल-कॉलेज से लेकर घर-परिवार तक रखने जा रहा है.

पुलिस मजबूती से करेगी रोकथाम

ई-सिगरेट की रोकथाम को लेकर राज्य की पुलिस भी मजबूत कदम उठायेगी. डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू ने कहा कि वे जल्द ही राज्य के सभी एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर इसकी रोकथाम के उपायों पर चर्चा करेंगे. उनके माध्यम से सभी थानों को भी अपने-अपने क्षेत्र में ई-सिगरेट की बिक्री, भंडारण, सेवन आदि पर चौकसी बरतने के निर्देश दिये जायेंगे.

इसे भी पढ़ें – #JadhavpurUniversity की घटना पर ममता ने कहा,  #Democracy में विरोध प्रदर्शन महत्वपूर्ण और जरूरी

Related Articles

Back to top button