
Patna: राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने चुनावी बिगुल बजाते हुए रविवार को राजधानी पटना से अपनी राज्यव्यापी ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ की शुरुआत की. बस के सामने के शीशे में ‘नया बिहार’ लिखा हुआ है.
उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी इस साल के आखिर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में सरकार बनाएगी.
इसे भी पढ़ेंः#IndiaWelcomesTrump: दो दिवसीय दौरे पर आज भारत पहुंचेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति, PM ने ट्वीट कर कहा- आपका इंतजार है
‘आठ महीने बाद बनेगी राजद की सरकार’
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि राजद सरकार गरीबी मिटाएगी और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, उद्योग-विशिष्ट समूहों और पर्यटन को विकसित करके रोजगार के अवसर पैदा करेगी.
उन्होंने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आगामी चुनावों में कोई भी हमें हराने वाला नहीं है. आठ महीने बाद आपकी सरकार बनने वाली है.”
यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गरीबों, अत्यंत पिछड़े वर्ग और अनुसूचित जातियों से जुड़ने की सलाह दी.
उन्होंने कहा, ‘हमारी पार्टी की सरकार तभी बनेगी जब कृष्ण की तरह हम सुदामा के पैर धोने के लिए तैयार होंगे और भगवान राम की तरह शबरी के जूठे बेर खायेंगे.’
इस बीच, तेजस्वी की यात्रा शुरू होने से पहले सत्ताधारी जनता दल युनाइटेड ने पोस्टर जारी कर नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा. जेडीयू ने अपने नए पोस्टर में तेजस्वी के बेरोजगारी हटाओ यात्रा को ‘आर्थिक उगाही यात्रा’ का नाम दिया है.
पोस्टर में बड़े अक्षरों में लिखा गया है ‘हाइटेक बस हुआ तैयार, अति पिछड़ा हुआ शिकार’. पोस्टर में आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद को बस चलाते हुए दिखाया गया है.
बता दें कि बिहार में चुनाव इसी साल अक्टूबर-नवंबर में होना है. एक ओऱ जहां बीजेपी-जेडीयू नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है, वहीं राजद महागठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी में है.
इसे भी पढ़ेंःसिर्फ 0.3 प्रतिशत लोगों की ही समस्या सुन रही हेमंत सरकारः भाजपा




