
Ahmedabad/Agra: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पहली भारत यात्रा के पहले हिस्से के तहत सोमवार को अहमदाबाद पहुंचेंगे. ऐसे में भारत में उनके स्वागत के लिए काफी तैयारियां की गई हैं.
सुबह 11.40 बजे अमेरिका के राष्ट्रपति अपनी पत्नी मेलानिया के साथ गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां पर पीएम मोदी उनका एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे.
आपका इंतजार है- पीएम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे को लेकर देश में काफी उत्साह है. बड़े जोरशोर से डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत की तैयारी की गयी है.
India awaits your arrival @POTUS @realDonaldTrump!
Your visit is definitely going to further strengthen the friendship between our nations.
See you very soon in Ahmedabad. https://t.co/dNPInPg03i
— Narendra Modi (@narendramodi) February 24, 2020
अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्वीट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह ट्वीट किया. प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘भारत आपकी यात्रा का इंतजार कर रहा है. ये दौरा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करेगा. आपसे जल्द ही अहमदाबाद में मुलाकात होगी.
अपनी इस यात्रा के दौरान ट्रंप महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम जाएंगे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक रोडशो करेंगे और एक क्रिकेट स्टेडियम में लगभग एक लाख लोगों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे.
ट्रंप उसके बाद अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ ताजमहल देखने के लिए आगरा जाएंगे. ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुश्नर और उनके प्रशासन के शीर्ष अधिकारी भी होंगे.
ट्रंप को उनके गुजरात दौरे के दौरान भारत की सांस्कृतिक झलक मिलेगी. सितंबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के बाद से दोनों नेताओं के बीच संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति का पूरा कार्यक्रम
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 11:40 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है. वह मोदी के साथ हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम और वहां से नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम तक एक रोडशो में शामिल होंगे.
मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोगों के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में मौजूद रहने की उम्मीद है.

शहर में ‘इंडिया रोड शो’ के 22 किलोमीटर के मार्ग के दोनों ओर बने मंचों पर देश के विभिन्न हिस्सों से आये नृत्य समूह और गायक प्रस्तुति देंगे. ट्रंप की यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं.
रोड शो के मार्ग में सड़क के दोनों ओर दोनों नेताओं के विशाल होर्डिंग और गुजरात में ऐतिहासिक स्थानों की प्रतिकृतियां भी लगायी गई हैं. रोडशो के मार्ग में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे और वे दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे.
दस हजार से अधिक पुलिसकर्मियों, यूएस सीक्रेट सर्विस तथा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और एसपीजी के कर्मियों को इस हाई प्रोफाइल यात्रा के लिए तैनात किया गया है.
15 मिनट साबरमती आश्रम में रुकेंगे ट्रंप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप के साथ साबरमती आश्रम जाएंगे. महात्मा गांधी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 1917-1930 तक साबरमती आश्रम में रहे थे.
हाल के वर्षों में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे सहित विश्व के कई नेता साबरमती आश्रम गए हैं. आश्रम के सचिव अमृत मोदी ने कहा कि ट्रंप वहां पर 15 मिनट रहेंगे.
आश्रम के एक अधिकारी ने कहा, ट्रंप ‘हृदय कुंज’ भी जाएंगे. यदि वह चाहें तो चरखा भी चला सकते हैं. हम उन्हें एक कॉफी-टेबल बुक और गांधी की 150 उद्धरणों वाली एक पुस्तक भी भेंट करेंगे.’’
‘हृदय कुंज’ आश्रम परिसर स्थित एक कमरा है जहां महात्मा गांधी और उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी 1918 से 1930 के बीच 12 साल तक रहे थे. अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को गांधीजी और आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में चरखा के महत्व के बारे में बताया जाएगा.
मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम
मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के दौरान एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान ट्रंप और मोदी सभा को संबोधित करेंगे.
बॉलीवुड गायकों कैलाश खेर और पार्थिव गोहिल तथा कीर्तिदान गढ़वी, गीता रबारी, पुरुषोत्तम उपाध्याय और साईराम दवे जैसे गुजराती लोक गायक स्टेडियम में प्रस्तुतियां देंगे.
Gujarat: Horse-riding police personnel conduct patrolling outside Motera Stadium in Ahmedabad. US President Donald Trump’s ‘Namaste Trump’ event will be held at the stadium today. pic.twitter.com/7fIEewUDWE
— ANI (@ANI) February 24, 2020
एक अधिकारी ने कहा कि विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सम्पर्क किया गया था और वे कई दिनों से अभ्यास कर रहे हैं.
प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगे हैं जिन पर विभिन्न नारे लिखे हैं. इनमें भारत-अमेरिका संबंधों को ‘दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र के विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र से मिलने’ तथा ‘उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत दोस्ती’ जैसे नारे लिखे हैं.
साथ ही इन होर्डिंग पर ट्रंप और मोदी की वे तस्वीरें भी हैं. ये तस्वीरें पिछले साल अमेरिका में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम के दौरान की हैं जिनमें दोनों नेता हाथ पकड़कर चलते हुए भीड़ की ओर हाथ हिलाते नजर आ रहे हैं.
शहर का नगर निगम रोड शो को गणमान्य व्यक्तियों के साथ ही गुजरात के लोगों के लिए यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है.
अहमदाबाद के नगर आयुक्त विजय नेहरा ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘नमस्ते अहमदाबाद, आएं 22 किलोमीटर लंबे मेगा ‘इंडिया रोड शो’ का हिस्सा बनें. दुनिया के सामने भारतीय संस्कृति और विविधता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं. नमस्ते ट्रंप.’’

इसके अलावा ट्रंप का स्वागत करने के लिए अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर का 12वीं सदी के ‘कीर्ति तोरण’ का एक कटआउट लगाया गया है.
ऐसे में जब शहर आखिरी समय की तैयारियों में जुटा हुआ था कुछ छोटी-मोटी अड़चने भी आयीं.
अधिकारियों ने बताया कि मोटेरा में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम के बाहर बनाये गए दो अस्थायी वीवीआईपी प्रवेशद्वार रविवार सुबह तेज हवाओं के कारण ढह गए. हालांकि दोनों घटनाओं में कोई भी घायल नहीं हुआ.
आगरा में करेंगे ताजमहल का दीदार
ट्रंप और उनका दल हवाई मार्ग से आगरा जाएगा जहां उनके दौरे के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं. शहर में बड़े पैमाने पर होर्डिंग लगाने के साथ ही सभी प्रमुख सड़कों पर अमेरिकी और भारतीय झंडे लगाये गए हैं.
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को शाम साढ़े चार बजे खेरिया हवाई अड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का उनके आगमन पर स्वागत करेंगे. वहां लगभग 350 कलाकारों का एक समूह प्रस्तुति भी देगा.
शहर, विशेष तौर पर उस 13 किलोमीटर लंबे रास्ते पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है जिसका इस्तेमाल ट्रंप के काफिले द्वारा हवाई अड्डे से ओबेराय अमरविलास होटल और ताजमहल और उसके आसपास जाने के लिए किया जाएगा.
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति सोमवार को शाम सवा पांच बजे अपने परिवार के साथ ताजमहल परिसर पहुंचेंगे और मुगल सम्राट शाहजहाँ द्वारा निर्मित 17वीं सदी के प्रसिद्ध मकबरे में लगभग एक घंटा बिताएंगे.
दिल्ली में ट्रंप-मोदी की होगी बातचीत
ट्रंप इसके बाद अपनी यात्रा के मुख्य हिस्से के लिए दिल्ली रवाना होंगे. इस दौरान ट्रंप और मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता मंगलवार को हैदराबाद हाउस में होगी.
25 फरवरी की सुबह ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा. वहां से वे महात्मा गांधी की ‘समाधि’ राजघाट जाएंगे और वहां उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.
इसके बाद हैदराबाद हाउस में ट्रंप और मोदी के बीच वार्ता होगी. भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार ट्रंप और प्रधानमंत्री के बीच मंगलवार को होने वाली वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी अभियान, ऊर्जा सुरक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता, अफगानिस्तान में तालिबान के साथ प्रस्तावित शांति समझौता, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिति समेत कई द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर ध्यान केन्द्रित किये जाने की संभावना है.
ट्रंप के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी वाणिज्य मंत्री विल्बर रॉस, ऊर्जा मंत्री डैन ब्रोइलेट और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ’ब्रायन शामिल हैं.
प्रधानमंत्री मोदी वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए दोपहर भोज की मेजबानी करेंगे. दोपहर में ट्रंप के अमेरिकी दूतावास में कुछ निजी कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है जिसमें उद्योग प्रतिनिधियों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन शामिल है.
शाम में राष्ट्रपति राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अमेरिकी राष्ट्रपति से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे. कोविंद द्वारा रात्रिभोज भी दिया जाएगा. राष्ट्रपति ट्रंप उस शाम बाद में भारत से प्रस्थान करेंगे.




