BusinessJamshedpurJharkhand

जमशेदपुर से एयर इंडिया की उड़ान सेवा शुरू करे टाटा समूह  : सिंहभूम चैंबर  

Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ टीवी नरेंद्रन से अनुरोध किया है कि वे जमशेदपुर से एयर इंडिया की उड़ान शुरू करने की दिशा में पहल करें. चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया एक बयान में कहा है कि एयर इंडिया की टाटा समूह में वापसी पर हमें बेहद खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि आज जमशेदपुर से देश में कहीं भी जाने के लिए कोई हवाई सेवा नहीं है. जमशेदपुर के नागरिक लंबे समय से इस शहर में एक हवाई अड्डे की मांग कर रहे हैं.

विजय आनंद मूनका एवं मानव केडिया ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले का मुख्यालय है और यहां के उद्योगपतियों, व्यापारियों, आम नागरिकों एवं बुजुर्गों को रांची से उड़ान भरनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि हर दृष्टि से जमशेदपुर शहर में एक हवाई अड्डे की तत्काल आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि टाटा समूह ने भारत में औद्योगिक जगत की नींव इसी शहर में रखी थी. ऐसे में शहरवासियों की अब यही इच्छा है कि एयर इंडिया की उड़ान जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से शुरू हो, तो इससे बेहतर कुछ नहीं होगा. टाटा के इस निजी हवाई अड्डे से एमडीएलआर व एयर डेक्कन के 72 व 48 सीटर प्लेन उड़ चुके हैं, इसलिए यहां से उड़ानों में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए. चैंबर के दोनों पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ जमशेदपुर से एयर इंडिया की उड़ानों के संचालन पर टाटा समूह जरूर विचार करेगा. क्योंकि टाटा ने एयर इंडिया को वापस अपने पाले में कर लिया है और अब उम्मीद की एक किरण जगी है कि जमशेदपुर में भी नागरिकों के लिए भविष्य में एक हवाई अड्डा जरूर होगा.

इसे भी पढ़ें – 1 जुलाई से प्लास्टिक समेत थर्माकोल की चीजों को प्रतिबंधित किया जायेगा: एके रस्तोगी

 

Related Articles

Back to top button