JharkhandPalamu

दिव्यांग क्रिकेटर सुजीत मुंडा को जमीन तथा घर उपलब्ध कराएगी राज्य सरकार, स्कॉलरशिप और कैश अवार्ड का भी मिलेगा लाभ

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा ने मुलाकात की. उन्हें बताया कि 4 दिसंबर से 17 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ब्लाइंड क्रिकेट टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उनका चयन टीम इंडिया में हुआ है. मुख्यमंत्री ने सुजीत को ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप में अच्छे प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी. क्रिकेट किट भी प्रदान किया. उन्होंने सुजीत को रांची में जमीन तथा उस पर घर देने का भरोसा भी दिया. कहा कि राज्य सरकार उनके बच्चों की पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाएगी. बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यह राज्य सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है. नई खेल पॉलिसी के तहत स्कॉलरशिप एवं कैश अवार्ड का प्रावधान है, इसका लाभ भी सुजीत को मिले, इस निमित्त निर्देश दे दिया गया है.

इससे पहले बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष सुजीत मुंडा एवं उनकी पत्नी अनीता तिग्गा ने कहा कि उनके पास रहने के लिए अपना कोई घर नहीं है. वर्तमान में मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर क्षेत्र में रहकर किसी तरह जीवन यापन करते हैं तथा उनकी आर्थिक स्थिति भी काफी दयनीय है. उनकी बातों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव राज्य सरकार की ओर से मदद देने का भरोसा दिया. खेल निदेशक को निर्देश दिया कि सुजीत मुंडा की आवश्यकताओं और समस्याओं के मद्देनजर नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को जो सुविधाएं दी जाती हैं, वे सुविधाएं उन्हें उपलब्ध कराई जाएं.

ब्लाइंड टी-20 में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात करने के बाद सुजीत मुंडा काफी खुश दिखे. मुख्यमंत्री से कहा कि निश्चित तौर पर अब वे ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे. मुख्यमंत्री के साथ उनकी काफी सकारात्मक वार्ता हुई है. सुजीत ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा भी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: JSCA के पूर्व अध्यक्ष जेजे ईरानी को ओवल ग्राउंड में दी गयी श्रद्धांजलि

Related Articles

Back to top button