JamshedpurJharkhand

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में शिक्षा निकेतन ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को किया पराजित

शिक्षा निकेतन की टीम आठ अंकों के साथ ग्रुप बी में पहले स्थान पर चल रही

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 11वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर की टीम ने दिल्ली पब्लिक स्कूल चक्रधरपुर को एक आसान मुकाबले में 65 रनों से पराजित कर चार अंक हासिल किए. इस प्रकार दो मैच में दो जीत के साथ शिक्षा निकेतन की टीम आठ अंकों के साथ ग्रुप बी में पहले स्थान पर चल रही है. अगर इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर की टीम अपनी आखरी लीग मैच भी जीत लेती है तो इसका सुपर डिवीजन में खेलना लगभग तय हो जाएगा.

स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन के कप्तान ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहले खेलते करते हुए शिक्षा निकेतन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 165 रन बनाए. इस टीम की ओर से सबसे अच्छी पारी सुमित शर्मा ने खेली जिसने ग्यारह चौकों एवं एक छक्का की मदद से 78 शानदार रन बनाए. जिशान अहमद ने भी पांच चौकों की मदद से 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 125 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया. दिल्ली पब्लिक स्कूल चक्रधरपुर की ओर से एकमात्र सफल गेंदबाज़ युवराज आनंद रहा जिसने 40 रन देकर दो विकेट हासिल किए.

जीत के लिए निर्धारित 20 ओवर में 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी पी एस चक्रधरपुर की पूरी टीम 19 ओवर में 100 रन बनाकर आल आउट हो गई. अमर सिन्हा तीन चौकों एवं एक छक्का की मदद से 33 रन एवं तपन प्रधान ने पांच चौकों की मदद से 32 नाबाद रन बनाकर अच्छा संघर्ष किया पर यह नाकाफी साबित हुआ. इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की ओर से कौशल शुक्ला ने 13 रन देकर दो विकेट, सौरभ ने 15 रन देकर दो विकेट तथा सुमित शर्मा ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए.

मैच समाप्ति के बाद इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर की ओर से हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले सुमित शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया. यह पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव सह जेएससीए के आजीवन सदस्य अनूप बर्मन ने प्रदान की.

ये भी पढ़ें- अभिनेत्री अमीषा पटेल पर रांची में दर्ज धोखाधड़ी का केस नहीं होगा निरस्त, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश

Related Articles

Back to top button