
Jamshedpur : गर्मी के प्रचंड रुप धारण करते ही स्कूलों के खुलने और बंद करने के समय में बदलाव करने की मांग तेज होने लगी है. इससे सरायकेला जिले के सरकारी स्कूल भी अछूता नहीं है. मंगलवार को अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर सरकारी स्कूलों के समय सीमा में बदलाव करने की मांग की गई. इसके तहत स्कूलों के खुलने का समय सुबह बजे और छुट्टी का समय ग्यारह बजे निर्धारित करने की मांग की गई है.
मांग पत्र के माध्यम से बताया गया कि प्राथमिक शिक्षा निदेशक की ओर से फिलहाल स्कूलों में सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक कक्षाएं चलाने जाने का आदेश जारी किया गया है, लेकिन प्रचंड गर्मी का आलम यह है कि दोपहर बारह बजे तक पारा इस कदर चढ़ जा रहा है कि बच्चे तो क्या बड़े तक गर्मी झेलने में समक्ष नहीं है. ऐसे में पांच वर्ष से 14 वर्ष की आयु वाले छात्रों को सबसे अधिक परेशानी होती है. इसी को लेकर संघ ने इस आदेश को निरस्त करते हुए स्कूलों के समय सीमा में बदलाव करने की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक दत्ता, सिंह बास्के, मानिक प्रसाद सिंह, देवेन्द्र नाथ साव, मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें – सरायकेला : गर्मी का सितम, सीतारामपुर मीडिल स्कूल के प्रिसिंपल गश खाकर गिरे, पहुंचाया गया अस्पताल




